Sonbhadra: बिड़ला कार्बन CSR की पहल से खिले छात्राओं के चेहरे, खेलकूद सामग्री के साथ विद्यालयों में कराया विकास कार्य

Facebook
X
WhatsApp

Sonbhadra: रेणुकूट। बिड़ला कार्बन रेणुकूट की ओर से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत शिक्षा और छात्राओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कंपनी के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) विभाग ने गोद लिए गए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, दुद्धी में आवासीय छात्राओं को विभिन्न प्रकार की खेलकूद सामग्री उपलब्ध कराई। इस पहल से छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई और उनके चेहरे खिल उठे।

बिड़ला कार्बन के यूनिट हेड शिवशंकर सिंह और मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बड़े आकार का कैरम बोर्ड, स्किपिंग रोप, बैट-बॉल, बैडमिंटन रैकेट सहित विभिन्न प्रकार की इनडोर और आउटडोर खेल सामग्री प्रदान की गई। इससे छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।

Sonbhadra: खेलकूद से होगा छात्राओं का सर्वांगीण विकास

विद्यालय की वार्डन विजयलक्ष्मी और शिक्षिकाओं ने बिड़ला कार्बन CSR की इस पहल की सराहना करते हुए कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद की सामग्री मिलने से छात्राओं को शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा विकसित करने में मदद मिलेगी।

बिड़ला कार्बन CSR का मानना है कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल किताबी शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि शारीरिक क्षमता, खेल भावना, अनुशासन और कौशल विकास भी बेहद आवश्यक हैं। इसी सोच के तहत छात्राओं को पढ़ाई से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराने के साथ खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से समय-समय पर छोटे-छोटे पुरस्कार भी दिए जाते हैं, ताकि वे बेहतर प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों।

म्योरपुर विद्यालय में शौचालय और मंच का निर्माण

बिड़ला कार्बन CSR की ओर से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, म्योरपुर में भी छात्राओं की सुविधाओं और विद्यालय के विकास को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं। छात्राओं की स्वच्छता और सुविधा के लिए विद्यालय परिसर में दो शौचालयों का निर्माण कराया गया। इसके अतिरिक्त, विद्यालय में कार्यक्रमों और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन के दौरान होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए एक बड़े मंच का भी निर्माण कराया गया है।

मंच के निर्माण से छात्राओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभिन्न आयोजनों और अन्य गतिविधियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर मिल सकेगा। वहीं, शौचालयों के निर्माण से छात्राओं को स्वच्छता और सुविधा के लिहाज से लाभ मिलेगा।

कंपनी की पहल की विद्यालय परिवार ने की सराहना

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, म्योरपुर की वार्डन आशा तथा शिक्षिकाओं शकुंतला, ममता, अपर्णा सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने बिड़ला कार्बन CSR की ओर से कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। विद्यालय परिवार ने इन प्रयासों को छात्राओं की शिक्षा, सुविधा और रचनात्मक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

बिड़ला कार्बन रेणुकूट की इन पहलों से छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। कंपनी की सामाजिक सहभागिता से न केवल विद्यालयों की सुविधाओं में सुधार हो रहा है, बल्कि छात्राओं के आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने में भी मदद मिल रही है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें