Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में दहेज उत्पीड़न की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और ससुरालीजनों पर तेजाब पिलाने का आरोप लगाया है। पीड़िता नेहा का कहना है कि उसके पति को दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिली तो ससुरालीजनों ने उसे मारपीट कर तेजाब पिला दिया।
Agra News: नव विवाहिता का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न
पीड़िता नेहा की शादी 15 अप्रैल 2022 को एत्मादपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले करन से हुई थी। नेहा के पिता ने शादी में अपनी हैसियत अनुसार दान दहेज भी दिया था। नेहा विदा होकर ससुराल आई तो ससुराली जनों ने उसे ताने मारना शुरू कर दिया। दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। नव विवाहिता का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते। कहते कि जब तक तू हमारी मांग पूरी नहीं करेगी हम तुझे नहीं रखेंगे। इस बीच नेहा गर्भवती हो गई। तब भी ससुरालीजनों ने उसका उत्पीड़न बंद नहीं किया। उसे भूखे और प्यासे रखने लगे। जिससे नेहा बीमार पड़ गई। पीड़िता नेहा का आरोप है कि मौके का फायदा उठाकर ससुरालीजनों ने उसे दवा के बहाने तेजाब पिला दिया। तेजाब पीने पर उसकी चीख निकली तो मौके पर लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज पूरा होने से पहले ही ससुरालीजन उसे फिरोजाबाद के अपने परिचित डॉक्टर के अस्पताल पर इलाज कराने ले गए। जहां उसने बच्चे को जन्म दिया। बच्चे की जन्म के बाद ही मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद नेहा के माता-पिता उसका इलाज कर रहे हैं।

Agra News: ससुराल वालों पर मुकदमा दर्ज
नेहा की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति करन कुमार, सास सुदामा, ससुर राकेश, देवर रमन कुमार और ननद रसना के खिलाफ आईपीसी की धारा 498ए, 120 बी, 323, 506, 328 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कह रही है।
थाना ट्रांस यमुना प्रभारी निरीक्षक सुमनेश कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना बेहद निंदनीय है। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता को तेजाब पिलाना घोर क्रूरता है। इस घटना से पता चलता है कि दहेज प्रथा आज भी हमारे समाज में एक गंभीर समस्या है। सरकार को इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। पीड़िता नेहा को न्याय दिलाने के लिए सरकार और प्रशासन को हर संभव प्रयास करने चाहिए। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करके कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए।