Chhath Puja 2023 : लोक आस्था का महापर्व छठ का आज चौथा और अंतिम दिन है। आज उगते हुए सूर्य को छठव्रतियों ने अर्घ्य दिया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त हुआ। सोमवार तड़के से ही घाटों पर खूब चहल-पहल दिखी। तालाब और घाट रंग-बिरंगी रोशनी में नहाए हुए थे। घाटों पर व्रती उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के लिए खड़े दिखे।
अर्घ्य के दौरान छठ व्रती पानी में खड़े हुए। इसके बाद फल और प्रसाद से भरा दउरा-सूप लेकर भगवान भास्कर की उपासना की। भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने छठ का प्रसाद खाया और व्रत खोला। सुबह अर्घ्य के दौरान घाटों पर जमकर आतिशबाजी भी हुई। हर बार की तरह इस बार भी बिहार, झारखंड और पूर्वी यूपी के अलावा अन्य राज्यों में भी धूमधाम के साथ लोक आस्था के इस पर्व को मनाया गया।

Chhath Puja 2023 : बिहार
राजधानी पटना समेत बिहार के सभी जिलों में धूमधाम के साथ छठ पर्व मनाया गया। घाटों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। पटना के दीघा घाट पर हजारों की संख्या में छठव्रतियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।

Chhath Puja 2023 :दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बड़ी संख्या में यूपी, बिहार और झारखंड से आए लोग रहते हैं। यहां यमुना के कई घाटों पर छठ पर्व के आयोजन की व्यवस्था की गई थी। इन घाटों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। लाखों की संख्या में छठव्रतियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।

Chhath Puja 2023 : यूपी
छठ महापर्व पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में धूमधाम से मनाया जाता है। सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर स्थित राप्ती नदी के राजघाट पर छठव्रतियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। इसी प्रकार राजधानी लखनऊ में गोमती नदी के घाट पर व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। कल यानी रविवार शाम को सीएम योगी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे थे।
Chhath Puja 2023 : ओडिशा में केंद्रीय मंत्री पूजा में हुए शामिल
ओडिशा के संबलपुर में धूमधाम के साथ छठ पर्व मनाया गया। यहां उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान पहुंचे। इसी प्रकार मुंबई के जुहू बीच पर छठ व्रतियों ने उगते सूर्य को ‘अर्घ्य’ देकर सुख-समृद्धि की कामना की .

Chhath Puja 2023 : अमेरिका में भी मना छठ
भारत ही नहीं विदेशों में भी आस्था का महापर्व छठ बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। अमेरिका के न्यूजर्सी और न्यूयॉर्क में बड़ी संख्या में लोग छठ पर्व मनाते नजर आए। न्यू जर्सी के एडिसन के पपेयानी पार्क में छठव्रतियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। छठ पर्व प्रकृति और सूर्य देव की उपासना का एक महत्वपूर्ण त्योहार है। इस पर्व में लोग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हैं और सूर्य देव को अर्घ्य देकर अपने परिवार और समाज के लिए सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।