Deepawali Gift : दीपावली से पहले योगी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को तोहफा दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला किया है। इसका लाभ पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और राजकीय विभागों के कर्मचारियों तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को मिलेगा।
योगी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को बोनस देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया गया है। इसमें लिखा गया है कि सीएम योगी ने प्रदेश के समस्त पूर्णकालिक अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और राजकीय विभागों के कार्य प्रभारित अधिष्ठान के कर्मचारियों तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को वर्ष 2023-2024 के लिए बोनस प्रदान करने का सहर्ष निर्णय लिया है।

सरकार इस निर्णय से 14.82 लाख राज्य कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही सरकारी खजाने पर लगभग 1,025 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

Deepawali Gift : 30 अक्टूबर वेतन और पेंशन जारी करने का आदेश
इससे पहले योगी सरकार ने 20 लाख से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों के वेतन का भुगतान 30 अक्टूबर से पहले करने का निर्देश दिया है। अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन को लेकर सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ कोषाधिकारियों को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में कहा, 31 अक्टूबर को दीपावली, 02 नवम्बर को गोवर्धन पूजा और 03 नवम्बर को भाई दूज व चित्र गुप्त जयन्ती के कारण सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसे देखते हुए सरकार ने त्यौहारों से पहले वेतन जारी करने की निर्देश दिया है।

Deepawali Gift : पदोन्नति का तोहफा
इससे पहले सरकार ने पुलिस कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। पुलिस स्थापना दिवस पर योगी सरकार ने 1781 हेड कॉन्स्टेबलों को पदोन्नति देकर उप निरीक्षक बना दिया है। सरकार के इस फैसले के बाद से दीपावली से पहले कर्मचारियों में खुशी की लहर है। पदोन्नति का आदेश पुलिस महानिदेशक, स्थापना की ओर से जारी किया गया है।