Dhanteras 2024 : कल यानी 29 अक्टूबर, 2024 को पूरे देशभर में धनतेरस (Dhanteras) का त्योहार मनाया जाएगा। हर साल कार्तिक महीने की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर यह पर्व मनाया जाता है। इसे दिवाली महापर्व की शुरुआत माना जाता है। इस दिन को भगवान धन्वंतरी की जयंती के तौर पर भी मनाया जाता है। इसलिए इस खास मौके पर भगवान धन्वंतरी की पूजा का विधान है। इसके अलावा इस दिन माता लक्ष्मी और कुबेर देवता की भी पूजा-अर्चना होती है। साथ ही धनतेरस पर सोना-चांदी, नए बर्तन, वाहन, घर, भूमि आदि चीजों को खरीदने की भी परंपरा है। इससे मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और घर में सुख, समृद्धि, और धन का आशीर्वाद प्रदान करती हैं।
https://twitter.com/india24x7livetv/status/1850806261341995383
धनतेरस के दिन कुछ चीजों की खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है, तो कई चीजों की खरीदारी से इस दिन बचना चाहिए। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि इस दिन क्या खरीदें और क्या न खरीदें चलिए जानते हैं इसके बारे में।
Dhanteras 2024 : धनतेरस पर क्या खरीदें

1- धनिया
धनतेरस के दिन साबुत धनिया खरीदना बहुत शुभ और फलदायी होता है। इसे खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। कहते हैं कि इसे पूजा में माता लक्ष्मी को अर्पित करने से देवी मां की कृपा हमेशा घर और घर के सदस्यों पर बनी रहती है।
2- झाड़ू
इसके अलावा धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदना भी बेहद शुभ माना जाता है। इसे हिंदू धर्म में मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। इसलिए इसे खरीदने से पूरे साल आर्थिक स्थिति अच्छी बनी रहती है और घर में सुख-समृद्धि आती है।
3- पान के पत्ते
धनतेरस के मौके पर पान के 5 पत्ते खरीदकर मां लक्ष्मी को चढ़ाएं और फिर अगले दिन इसे बहते जल में प्रवाहित कर दें। पान के पत्ते माता लक्ष्मी को बेहद प्रिय होते हैं। इससे आपको मां लक्ष्मी का आशीर्वाद मिलता है।
4- धातु
इस दिन सोना और चांदी खरीदना बेहद शुभ होता है। इसके अलावा तांबा, कांसा और पीतल की चीजें भी खरीद सकते हैं।
5- लक्ष्मी चरण
धनतेरस पर लक्ष्मी चरण भी खरीदना शुभ माना गया है। इससे घर में माता लक्ष्मी का आह्वान होता है। दो चरणों में से एक को मुख्य द्वार पर अंदर की ओर जाते हुए और दूसरे चरण को पूजा स्थान में अंदर आते हुए लगाएं।
6- लक्ष्मी-गणेश मूर्ति
धनतेरस के दिन ही घर में लक्ष्मी और गणेश की मिट्टी की मूर्ति लानी चाहिए। इसी मूर्ति की दिवाली के दिन पूजा की जाती है और पुरानी मूर्ति को विसर्जित किया जाता है।
7- खील-बताशे
खील-बताशे समृद्धि का प्रतीक माने जाते हैं। धनतेरस के दिन इन्हें खरीदने से घर में धन-समृद्धि का आगमन होता है।

Dhanteras 2024 : धनतेरस पर क्या न खरीदें
1- स्टील और एल्युमीनियम
धनतेरस के दिन नए बर्तनों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है, लेकिन ध्यान रहे कि ये बर्तन स्टील या एल्युमीनियम के नहीं होने चाहिए। धन त्रयोदशी पर इन धातु से बनी कोई भी वस्तु नहीं खरीदनी चाहिए। दरअसल, ये धातुएं शुद्ध नहीं मानी जाती हैं और राहु के प्रभाव में होती हैं।
2- नकली जेवर
इसके अलावा इस दिन नकली आभूषण खरीदने से भी बचें। इससे घर में संपन्नता आने की जगह दरिद्रता आ सकती है।
3- इन चीजों से भी करें परहेज
इसके अलावा धनतेरस के मौके पर कांच, प्लास्टिक और चीनी मिट्टी से बनी चीजों को भी ना खरीदें। दरअसल, कांच और चीनी मिट्टी की वस्तुएं संकटकारी मानी जाती हैं। वहीं, प्लास्टिक की चीजें बरकत में बाधा डालती हैं।