Lucknow News : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर अस्थिरता का आरोप लगाते हुए कहा कि कुर्सी की लड़ाई में जनता परेशान है। सरकार आपस में लड़ रही है। उन्होंने शिक्षकों के डिजिटल अटेंडेंस पर कहा कि भाजपा सरकार शिक्षकों को परेशान कर रही हैं। सपा इसका लगातार विरोध कर रही है। डिजिटल अटेंडेंस का फैसला स्थगित नहीं रद्द होना चाहिए।
Lucknow News : अखिलेश यादव ने BJP सरकार पर हमला
उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ में मकानों के ध्वस्तीकरण का फैसला टाल दिया है। इससे साफ जाहिर है कि सरकार कमजोर हो गयी है। उपचुनाव नजदीक है। इसलिए सरकार ने ध्वस्तीकरण के निर्णय को वापस लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बाढ़ के चलते जनजीवन त्रस्त है। लेकिन सरकार को उसकी फिक्र नहीं है। ये लोग घबरा गए हैं कि कहीं उपचुनाव में सभी दस सीटों पर ही हार न जाएं।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने यह बातें कहीं। इस दौरान अखिलेश यादव की उपस्थिति में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लखनऊ विजय बहादुर यादव सैकड़ों समर्थकों के साथ सपा में शामिल हुए। उनके साथ कई गांवों के ग्राम प्रधान एवं कार्यकर्ताओं ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पार्टी मुख्यालय में संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Lucknow News : रिवर पर बनता है रिवर फ्रंट, नाले पर नहींः अखिलेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह सरकार मजबूत होती तो लोगों के घर भी उजाड़ देती। गोमती रिवर फ्रंट इस देश का सबसे अच्छा रिवर फ्रंट है। लेकिन उसकी देखरेख की जगह भाजपा सरकार नाले पर रिवर फ्रंट बना रही। रिवर फ्रंट रिवर पर बनता है, नाले पर नहीं।
उन्होंने कहा कि कुर्सी की लड़ाई में जनता बहुत परेशान है। एक महिला न्याय मांगने गई और उसने आत्महत्या कर ली। वहां की पुलिस और स्थानीय प्रशासन क्या कर रहा था? विधायक आरोप लगा रहे है। मुख्यमंत्री खुद स्वीकार कर रहे हैं कि दलाली हो रही है। भाजपा के लोगों ने कुर्सी की लड़ाई में पूरा एडमिनिस्ट्रेशन खत्म कर दिया।