Lucknow School Time Change: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शीतलहर और ठंड की स्थिति के बीच स्कूलों के संचालन के समय में बदलाव कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से पहले भी स्कूलों के समय में बदलाव किया था। नए साल में स्कूल नई टाइमिंग पर चलेंगे। राजधानी में शीतलहर के कारण कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक खुलेंगे। इससे पहले 31 दिसंबर तक के लिए इन स्कूलों में सुबह 10 बजे से दिन में तीन बजे का समय तय किया गया था। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार के मुताबिक बदले हुए समय की पाबंदी हर सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और सभी बोर्डों पर लागू होगी। (Lucknow School Time Change) अवकाश से जुड़ी अपडेटेड जानकारी www.lucknow.nic.in पर अपलोड कर दी गई है।
राजधानी लखनऊ में ठंड के प्रभाव को देखते हुए स्कूलों के खुले रहने को कम किया गया है। पहले स्कूलों में पांच घंटे की पढ़ाई कराने की अनुमति दी गई थी। लेकिन, अपराह्न 3 बजे के बाद ठंड की स्थिति बढ़ रही थी। घर पहुंचने तक बच्चों को ठंड का असर सताने लग रहा था। ऐसे में स्कूलों के बंद होने के समय में कमी गई है। प्रशासन ने प्रदेश में शीतलहर को लेकर स्थिति की समीक्षा की। प्रशासन की ओर से ठंड की स्थिति की समीक्षा के बाद आगे स्कूलों के समय में बदलाव के संबंध में समीक्षा कर आवश्यक निर्देश जारी करेगा। उस समय तक बदली समय सारणी के आधार पर ही स्कूलों में कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
समीक्षा के क्रम में मौसम विभाग के पूर्वानुमानों पर गौर किए जाने के बाद स्कूलों के समय में बदलाव का निर्णय लिया गया। डीएम सूर्यपाल गंगवार की ओर से स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से बदली टाइमिंग के बारे में सभी स्कूल संचालकों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।