Politics News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और अन्याय चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है जबकि समाजवादियों ने आम जनता, किसानों और नौजवानों के लिए काम किया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है और किसानों को फसलों का लागत मूल्य भी नहीं दिला रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ समाजवादियों को एकजुट होकर लड़ना होगा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को हरदोई में लोक जागरण अभियान के तहत समाजवादी पार्टी के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और अन्याय चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल है। हर चीज की कीमत बढ़ा दी है। इसका मुनाफा उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है।
Politics News: अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी है। एक तरफ महंगाई बढ़ाकर उद्योगपतियों को मुनाफा करा रही है, लेकिन किसानों को गेंहू और धान का लागत मूल्य भी नहीं दिला रही है। गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हुई। देश के चार पांच उद्योगपतियों ने उत्तर प्रदेश के किसानों का पूरा गेंहू खरीद लिया और उससे भी मुनाफा कमाया है। धान तैयार है लेकिन इस सरकार ने धान खरीदने का कोई इंतजाम नहीं किया है। किसानों के धान की कहीं खरीद नहीं हो रही है। इसमें भी बिचौलिए हावी है और किसान लुट रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार आम जनता को स्वास्थ्य, शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने और महंगाई, बेरोजगारी को कम करने की दिशा में काम करने के बजाय समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर अन्याय और अत्याचार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रोपेगंडा की सरकार है। जिस तरह से हिटलर की सरकार में एक मंत्री प्रोपेगंडा मिनिस्टर था उसी तरह से भाजपा की एक यूनिट प्रोपेगंडा चलाती है। भाजपा के इसी मुकाबले के लिए समाजवादी पार्टी लोक जागरण अभियान और प्रशिक्षण शिविर चला रही है।
कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट और बेईमान सरकार है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों ने उत्तर प्रदेश में कई भ्रष्ट और बेईमान सरकारों को बदला है। अब समाजवादियों को भाजपा सरकार को बदलना है। अन्याय और अत्याचार के खिलाफ समाजवादियों को लड़ना होगा। प्रशिक्षण शिविर में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।