UP Politics : उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानों का सिलसिला जारी है। अखिलेश यादव के बयान के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए उनपर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव गुब्बारे की तरह फूल गए हैं। साथ ही उन्होंने पिछले कई चुनावों में सपा की हार का भी जिक्र किया। उपमुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि, कांग्रेस के मोहरा सपा मुखिया अखिलेश यादव 2027 में पराजय सुनिश्चित देख अनाप-शनाप बयानबाज़ी कर रहे हैं। जनता से झूठ बोल कर 2024 में मिली सफलता से वह ग़ुब्बारे की तरह फूल गए हैं। उन्हें 2014/17/19/22 में सपा की पराजय याद रखना चाहिए।
“नाले को रिवर फ्रंट क्यों बना रहे हैं..?” अखिलेश यादव ने कहा https://t.co/HooF4ouoIG via @YouTube
— India 24×7 live Tv (@india24x7livetv) July 27, 2024

UP Politics : अखिलेश ने डिप्टी सीएम को बताया था दिल्ली का मोहरा
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कल लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रेस वार्ता की थी। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम को दिल्ली का मोहरा बताया था। उन्होंने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य दिल्ली के मोहरा हैं। वह दिल्ली वाई-फाई के पासवर्ड हैं।
अखिलेश के इसी बयान पर आज पलटवार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने पोस्ट किया है। कल प्रेस वार्ता में अखिलेश ने यह भी कहा कि हमारा ऑफर खुला है। बता दें कि सीएम योगी और केशव प्रसाद मौर्य के बीच अनबन की खबरों के बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार बनाने का ऑफर दिया था। उन्होंने अपने पोस्ट में ऑफर देते हुए लिखा कि, सौ लाओ सरकार बनाओ। इसे केशव प्रसाद मौर्य से जोड़ कर देखा गया। माना गया कि अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद को 100 विधायकों का समर्थन लाकर सरकार बनाने का न्योता दिया है।

UP Politics : सीएम योगी और केशव प्रसाद मौर्य के बीच अनबन
उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में इन दिनों अनबन की खबरें सुर्खियों में हैं। कैबिनेट बैठक सहित सीएम योगी के कार्यक्रमों में केशव प्रसाद मौर्य गैरहाजिर नजर आ रहे हैं। कल भी प्रयागराज में सीएम योगी के पहुंचने से पहले ही केशव प्रसाद मौर्य शहर से जा चुके थे। इससे पहले कैबिनेट बैठक में भी नहीं पहुंचे थे।
साथ ही भाजपा कार्यसमिति की बैठक में केशव प्रसाद मौर्य के यह बयान कि, “संगठन सरकार से बड़ा है” ने दोनों के बीच तकरार की खबरों को बल दिया। केशव प्रसाद मौर्य और सीएम योगी की पार्टी हाईकमान से दिल्ली में बैठक भी हुई। जिसके बाद विपक्षी पार्टियों ने भाजपा पर तंज कसना शुरु किया। इस बीच अखिलेश यादव लगातार भाजपा पर हमलावर रहे हैं।









