तुनिशा सुसाइड केस: टीवी की दिवंगत एक्ट्रेस तुनिशा शर्मा मामले में जेल में बंद उनके बॉयफ्रेंड और एक्टर शीजान खान को 69 दिन जेल में बिताने के बाद जमानत मिल गई है। शीजान खान को वसई अदालत ने 1 लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दी है। इसके अलावा उन्हें अपना पासपोर्ट जमा करने को कहा गया है।
अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल फेम तुनिशा शर्मा ने 24 दिसंबर 2022 को शो के सेट पर सुसाइड कर ली थी। जिसके बाद उनके पूर्व प्रेमी और शो के एक्टर शीजान खान को गिरफ्तार कर लिया गया था। तुनिशा की मां ने शीजान पर उनकी बेटी को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।
आपको बता दें कि शीजान की बहनें और मां ने उन्हें जेल से बाहर निकालने के लिए दिन रात एक कर दिया। तुनिशा शीजान के परिवार के काफी क्लोज थी। उनकी मौत के बाद शीजान की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। तुनिशा की मां के आरोपों को लेकर उन्होंने कहा था कि किसी को प्यार करना गलत है क्या? “अगर हमने उसे अपनी बच्ची माना तो क्या ये गलत है?
शीजान की बहन फलक नाज ने भाई की जमानत के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखी है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘अलहमदुलिल्लाह’ लिखा है। ये वही बहन हैं जो तुनिशा का शव देख टूट गई थीं। इनके सोशल मीडिया हैंडल पर तुनिशा संग कई तस्वीरें हैं।
आपको बता दें कि तुनिशा ने 24 दिसंबर दोपहर करीब 3:30 बजे अली बाबा: दास्तान ए काबुल के मेकअप रूम में फांसी से लटककर आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद शीजान और टीम के दो अन्य लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। शीजान और तुनिशा कई महीनों से रिलेशनशिप में थे, लेकिन आत्महत्या से कई दिन पहले ही दोनों का ब्रेकअप हो चुका था।
तुनिशा की मां ने शीजान पर उनकी बेटी को चीट करने, उन्हें थप्पड़ मारने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि तुनिशा, शीजान से बहुत प्यार करती थी और शीजान व उनका परिवार उनका माइंड वॉश करता था।