आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के लापता होने के पोस्टर लगाए गए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश के लंबे समय से अपने संसदीय क्षेत्र में नहीं आने पर विरोध प्रदर्शन करते हुए यह पोस्टर लगाए हैं। भाजपा की लहर में भी पिछले लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव को आजमगढ़ ने सांसद बनाया है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अखिलेश लंबे समय से अपने संसदीय क्षेत्र नहीं आए हैं। इससे यहां का विकास कार्य प्रभावित हो रहा है।
इसी को लेकर भाजपा ने सोमवार को शहर के चट्टी चौराहों पर उनकी गुमशुदगी के पोस्टर लगाए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के कई स्थानों पर अखिलेश के गुमशुदा होने और उनकी तलाश का पोस्टर चस्पा कर अपना विरोध दर्ज कराया है। पोस्टर चिपकाने के साथ ही अखिलेश के पोस्टर लेकर भी विरोध जताया गया। मोमबत्ती जलाकर यह जताने की कोशिश की गई कि लोग दीया जलाकर उन्हें खोज रहे हैं। इस दौरान गुमशुदा सांसद को खोजो…सांसद को खोजो..खोजो नारेबाजी भी हुई।
आजमगढ़ से सांसद रहे अखिलेश के पिता मुलायम सिंह के गुमशुदा होने और तलाश में भी इससे पहले लोग पोस्टर लगा चुके हैं। कार्यकर्ताओं ने शहर में जलजमाव समेत तमाम समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाकर अखिलेश को लापता बताते हुए तंज कसा है।









