Jalaun Road Accident: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जालौन कोतवाली क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 209.2 पर ईंटों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से ड्राइवर और कंडक्टर की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक मैनपुरी से ईंट लादकर झांसी की ओर जा रहा था। बुधवार सुबह करीब 3 बजे चालक को झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरा। टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि ड्राइवर और कंडक्टर ट्रक के अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शवों के अवशेष बाहर निकाले जा सके।
पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









