Raebareli News: रायबरेली/ऊंचाहार। मनगढ़ धाम से दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं का ई-रिक्शा शुक्रवार शाम ऊंचाहार क्षेत्र के अरखा स्थित प्लाई फैक्ट्री के पास सड़क किनारे खड़े डीसीएम से टकरा गया। हादसे में 45 वर्षीय राजू की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, प्रतापगढ़ जिले के देवसरे थाना क्षेत्र के महराजगंज निवासी राजू अन्य श्रद्धालुओं के साथ मनगढ़ धाम में दर्शन करने गए थे। शुक्रवार शाम सभी ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़े डीसीएम से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में सवार लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल धनराज (50) और शर्मिला (40) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार कराया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल डीसीएम को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
लोकेशन- ऊंचाहार ( रायबरेली )
रिपोर्टर- सोनी कुमारी









