रिपोर्ट- विशाल गुप्ता
UP News: नौगढ़। चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र में सर्पदंश से 17 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने आया है। घर के अंदर सामान लेने गई किशोरी को सांप ने पैर में डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, किशोरी की मौत की पुष्टि के बावजूद परिजन इस बात को स्वीकार नहीं कर सके और झाड़-फूंक से उसके जीवित होने की उम्मीद में शव लेकर गाजीपुर स्थित अमवा शक्ति धाम के लिए रवाना हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, चकरघट्टा थाना क्षेत्र के परसिया गांव निवासी गोपाल की 17 वर्षीय पुत्री प्रीति घर के अंदर कुछ सामान लेने गई थी। इसी दौरान वहां छिपे बैठे सांप ने उसके पैर में डस लिया। सर्पदंश के बाद किशोरी की हालत बिगड़ने लगी। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बिना देर किए उसे उपचार के लिए सीएचसी नौगढ़ ले गए।
Also Read –UP News: ठठवां गांव में लगा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 110 मरीजों की हुई जांच
UP News: अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
सीएचसी नौगढ़ में तैनात चिकित्सक डॉ. अजीत सिंह ने किशोरी की जांच की। चिकित्सक के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि 17 वर्षीय किशोरी को सांप ने काटा था और परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए थे, लेकिन जांच के दौरान उसकी मृत्यु की पुष्टि हुई।
झाड़-फूंक की उम्मीद में गाजीपुर रवाना हुए परिजन
चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद भी परिजन किशोरी की मौत को स्वीकार नहीं कर सके। उन्हें उम्मीद थी कि झाड़-फूंक से किशोरी की जान बच सकती है। इसी आस में परिजन उसे लेकर गाजीपुर स्थित अमवा शक्ति धाम के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस को नहीं दी गई सूचना
इस संबंध में चकरघट्टा थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना को लेकर परिजनों की ओर से अभी तक पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।
विशेष अपील: सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए। सांप के काटने पर तत्काल चिकित्सकीय उपचार ही जीवन बचाने का सबसे महत्वपूर्ण उपाय है।









