Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के माती थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक पुलिसकर्मी पर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का करीब 20 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु नदी में दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने पहुंचे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एसआई विष्णु शर्मा और श्रद्धालुओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी कथित तौर पर श्रद्धालुओं को थप्पड़ मारते और जूते से लात मारते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है। सोशल मीडिया पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बाराबंकी की पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के निर्देश पर संबंधित दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी घटना की पूरी तस्वीर
फिलहाल, विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। विभागीय जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और घटना में किसकी क्या भूमिका रही।









