उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए शाहजहांपुर के लाल सरज सिंह को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री योगी ने शहीद के परिजन को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। साथ ही शहीद परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और जनपद की एक सड़क का नामकरण शहीद के नाम पर करने की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा, ”राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सरज सिंह जी के सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा।”
जम्मू कश्मीर के पुंछ के सूरनकोट में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) समेत पांच जवान शहीद हो गए। बता दें, इलाके में तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इस आतंकवादी हमले में शाहजहांपुर के रहने वाले सरज सिंह भी शहीद हुए हैं। उनके शहीद होने की खबर मिलने के बाद से ही उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है।
सरज के दो भाई भी सेना में हैं। दिसंबर 2019 में सरज की शादी हुई थी। वह 2016 में सेना में भर्ती हुए थे। बीती जुलाई में सरज छुट्टी लेकर घर आए थे। सोमवार दोपहर को सेना ने बड़े भाई सुखवीर सिंह को सरज की शहादत की सूचना दी।
शहीद सरज सिंह के गांव में मंगलवार सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी भी शहीद के माता-पिता को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे। गांव में साफ-सफाई का काम भी शुरू हो गया है। शहीद के पिता विचित्र सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर तक बेटे का पार्थिव शरीर गांव आएगा, जिसके बाद अंत्येष्टि की जाएगी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ”जम्मू-कश्मीर के पूंछ में आतंकवादियों के साथ मुभेड़ में भारतीय सेना के एक JCO समेत 5 जवानों के शहीद होने का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। शहीद जवानों की वीरता और शौर्य को नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि।”









