Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में रामलला मंदिर (Ayodhya Ram Mandir) के भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से देश के जाने-माने राजनेताओं, कारोबारियों, कलाकारों और वैज्ञानिकों को 22 जनवरी 2024 को होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा जा रहा है। ट्रस्ट ने सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, सीताराम येचुरी और अधीर रंजन चौधरी जैसे बड़े विपक्षी नेताओं को भी न्योता भेजा है।
— India 24×7 live Tv (@india24x7livetv) December 23, 2023
इस बीच कन्नौज से बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक ने राम मंदिर ट्रस्ट समारोह में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को निमंत्रण न देने की अपील की है। पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने राम भक्तों पर गोली चलाकर निर्मम हत्या कराई थी, उसके लिए उन्होंने आज तक माफी नहीं मांगी है। ऐसे में खासकर सपा के किसी भी नेता को इस कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।
Ayodhya Ram Mandir: क्या कहा सुब्रत पाठक ने?
2019 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट पर अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को पटखनी देने वाले सुब्रत पाठक ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सपा नेताओं को नहीं बुलाने की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, नमस्कार, जैसा कि हम सब जानते हैं 22 जनवरी को रामलला (Ayodhya Ram Mandir) की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है, जिसमें देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी से ले कर देश विदेश के लोग आगमन करने वाले हैं। ये हमारे देश के लिए गर्व की बात है।
लेकिन हम ये भी जानते हैं कि कुछ राजनीतिक दल नहीं चाहते थे कि राम मंदिर बने। इसके विरोध में वे सुप्रीम कोर्ट तक में अपने वकील खड़ा करवाते थे। ये लोग भाजपा को चिढ़ाते हुए कहते थे – मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। कुछ लोग तो मंदिर की जगह वहां अस्पताल का निर्माण करने की वकालत करते थे। वे कहते थे कि मंदिर के निर्माण से क्या होगा, इससे थोड़े ही किसी को रोटी मिल जाएगी।









