रिपोर्ट -मनोज कुमार
UP News: बाराबंकी। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद बाराबंकी में विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख राजमार्गों, धार्मिक स्थलों एवं विभिन्न नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित विभिन्न टीमों ने लोधाई क्षेत्र के ढाबों एवं रेस्टोरेंट, अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग, बाराबंकी-गोण्डा मार्ग तथा अवसानेश्वर महादेव मंदिर, नागेश्वर महादेव मंदिर, किंतूर स्थित महादेव मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सभी ढाबों, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को ‘सेफ्टी कनेक्ट’ (Safety Connect) ऐप से संबंधित साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए। इससे कांवड़ यात्रा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालु संबंधित प्रतिष्ठान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा वहां उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में अपना फीडबैक भी दर्ज कर सकेंगे। यदि किसी प्रतिष्ठान के संबंध में गुणवत्ता संबंधी शिकायत या नकारात्मक फीडबैक प्राप्त होता है, तो विभाग द्वारा उसकी जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय टीम ने मंजीठा स्थित नाग मंदिर परिसर में लगने वाले श्रावण मेले का भी निरीक्षण किया। यहां मौजूद खाद्य कारोबारियों को प्रसाद एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं शुद्धता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। मिठाई दुकानों एवं रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रतिबंधित कृत्रिम रंगों का प्रयोग न करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य पंजीकरण अथवा लाइसेंस को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने, रेट लिस्ट लगाने, कर्मचारियों को हैंड ग्लव्स, एप्रन एवं हेड कवर पहनने तथा खाद्य पदार्थों को धूल, कीट एवं अन्य बाहरी प्रदूषण से बचाने के लिए ढककर रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान किंतूर स्थित रोहित कुमार डेयरी एवं प्रसाद डेयरी से खोया के एक-एक नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेजे गए।
अभियान के दौरान जिन प्रमुख प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया उनमें सम्राट स्वीट्स (लखपेड़ाबाग), मां वैष्णो स्वीट्स, भोला स्वीट्स, बाबा स्वीट्स, हाईवे हवेली, यादव ढाबा, स्वाद हवेली, जय मां लक्ष्मी स्वीट्स, श्री जी रेस्टोरेंट, पंजाबी विरसा रेस्टोरेंट, रॉयल पद्मा, श्याम भोग भंडार, यादव स्वीट्स, प्रसाद डेयरी एवं रोहित कुमार डेयरी सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठान शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रावण मेला एवं कांवड़ यात्रा के दौरान यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।









