अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज तैयार करने वाले कोच की नहीं हो पा रही शादी, सीएम से लगाई गुहार

Facebook
X
WhatsApp

खेल प्रदेश के रूप में झारखंड की पहचान दिनों दिन मजबूत होती जा रही है. खिलाड़ियों ने जहां अपनी प्रतिभा के बूते राज्य और देश का नाम रोशन किया. वहीं चर्चा से दूर कोच ने भी अपना पसीना खूब बहाया है. लेकिन बढ़ती महंगाई और फिक्स मानदेय के बीच कई कोच की जहां शादी नहीं हो पा रही. वहीं खिलाड़ी भी सरकार से किट और संसाधन मांग रहे हैं. रांची के जोन्हा के आर्चरी कोच रोहित कोयरी की उम्र 28 साल है‌. बेहद शर्मीले स्वभाव के रोहित निजी जिंदगी पर बात करना कम ही पसंद करते हैं. लेकिन, न्यूज़ 18 से बातचीत में जब चर्चा फिक्स मानदेय पर छिड़ी तब शादी की उम्र पर खड़े रोहित का दर्द भी छलका।

2017 से जोन्हा में बतौर आर्चरी कोच काम कर रहे रोहित ने बताया कि जाइनिंग के समय से 11,440 रुपये का फिक्स किया गया मानदेय आज तक बढ़ाया नहीं गया. रोहित ने अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीप्ति कुमारी समेत 25 से ज्यादा राष्ट्रीय तीरंदाज तैयार किये. लेकिन, अब बढ़ती महंगाई के बीच सालों से फिक्स मानदेय की वजह से उनकी शादी भी नहीं हो पा रही है।

बता दें, राज्यभर में डे बोर्डिंग और आवासीय सेंटर में काम करने वाले करीब 10 कोचों की यही कहानी है. जोन्हा के डे बोर्डिंग आर्चरी सेंटर में बतौर कोच रोहित ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुहार लगाते हुए कहा कि सीएम को इस ओर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि राज्य के सभी खेलों के कोच इन दिनों कम मानदेय की वजह से अपनी जिंदगी में संघर्ष कर रहे हैं।

खिलाड़ी कर रहे खेल के सामान की मांग
एक तरफ कोच जहां कम मानदेय से परेशान हैं तो दूसरी तरफ राज्य के शूटिंग और तीरंदाज खिलाड़ी भी राज्य सरकार से खेल के सामान की मांग कर रहे हैं. झारखंड टीम में शामिल शूटिंग खिलाड़ियों की मानें तो राज्य सरकार की ओर से इस खेल से जुड़े संसाधन उपलब्ध नहीं कराये जाते हैं. ऐसे में मध्यम और गरीब परिवार से आने वाले बच्चे प्रतिभा रहते हुए भी इस खेल से नहीं जुड़ पाते हैं।

आर्थिक तंगी की वजह से खेल से नहीं जुड़ पाते हैं
बता दें, 10 मीटर रायफल शूटिंग के खिलाड़ी रोशन, 10 मीटर पिस्टल की शूटर परिमिता और 10 मीटर रायफल की शूटर श्रेया‌ मेरठ में आयोजित टूर्नामेंट में भाग लेने जा रहे हैं. इन सभी खिलाड़ियों ने बताया कि शूटिंग से संबंधित खेल में सभी संसाधन खिलाड़ियों को खुद ही खरीदने पड़ते हैं. ऐसे में प्रतिभा और रुचि होने के बावजूद कई खिलाड़ी आर्थिक तंगी की वजह से इस खेल से नहीं जुड़ पाते हैं।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें