अंबेडकरनगर: जिले के लगभग 65 हजार अन्त्योदय राशन कार्डधारकों की दीपावली इस बार फीकी मनेगी। त्योहार पर कार्डधारकों को सस्ती दर पर मिलने वाली चीनी नही मिलेगी। विभागीय अफसरों ने अभी तक त्योहार पर वितरित होने वाली चीनी की उठानी ही नहीं करायी है। अफसरों की इस ढिलाई और उदासीनता को लेकर गरीब कार्डधारकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
शासन द्वारा अन्त्योदय श्रेणी के गरीब परिवारों को प्रति माह 18 रुपये प्रति किग्रा की दर से एक किलोग्राम चीनी उपलब्ध करायी जाती है। बीते दो माह से चीनी का वितरण न होने से कार्डधारकों को दीवाली के त्योहार पर एक साथ तीन माह की 3 किलो चीनी मिलनी चाहिए थी। खाद्य विभाग ने राशन वितरण का कार्य तो दीपावली पर्व से करा दिया लेकिन पात्रों को सस्ती दर पर चीनी उपलब्ध कराने की जरूरत महसूस नही की। इसके चलते ही दीपावली पर्व करीब आ जाने के बावजूद विभाग की तरफ से अभी तक चीनी की उठान तक नहीं की गयी है। सूत्रों की मानें तो विभाग चीनी की उठान 10 नवंबर के बाद किए जाने की तैयारी में है। ऐसे में जिले के 65 हजार से अधिक अंत्योदय कार्डधारकों को दीपावली के पर्व पर बाजार से ही ऊंची दर पर चीनी खरीदने की परेशानी उठानी पड़ेगी।
आदमपुर तिंदौली के अमित ने दीपावली पर सस्ती दर की चीनी न मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी जानबूझकर आम लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। कार्डधारियों ने जिलाधिकारी से इस मामले में हस्तक्षेप कर त्योहार से पहले सस्ती दर की चीनी वितरित कराए जाने की मांग की है। दूसरी तरफ आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि चीनी उठान के लिए जिला खाद्य एवं विपणन विभाग से आवश्यक पत्राचार किया जा रहा है। शासन के निर्देश पर 25 अक्तूबर तक चीनी की उठान होनी थी। कतिपय कारणों से इसमें विलंब हो रहा है। जब तक धनराशि जमा नही होगी, तब तक उठान संभव नही है। इसके लिए आवश्यक पत्राचार भी किया जा रहा है ताकि दीपावली पर्व पर चीनी का वितरण कराया जा सके।
रिपोर्ट : अंजलि गोस्वामी









