अंबेडकरनगर: बिना अनुमति जुलूस निकालने तथा कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर पूर्व विधायक पवन पांडेय तथा उनके पुत्र व कटेहरी से बसपा प्रत्याशी प्रतीक पांडेय के विरुद्ध अकबरपुर कोतवाली में केस दर्ज कर लिया गया है। गौरतलब है कि बसपा प्रत्याशी प्रतीक पांडेय ने एक दिन पहले बृहस्पतिवार को लावलश्कर के साथ जिला मुख्यालय पहुंचकर बाद में नामांकन किया था।इस मामले में पुलिस प्रशासन ने पाया कि प्रतीक व उनके समर्थकों द्वारा बिना अनुमति के जुलूस निकाला गया। ज्यादातर लोगों ने मास्क नहीं पहन रखे थे। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हुआ था। ऐसे में इसे लेकर एसपी आलोक प्रियदर्शी ने अविलंब कोतवाली पुलिस को केस दर्ज करने का निर्देश दिया। इसके बाद अकबरपुर कोतवाली में गुरुवार देर शाम बसपा प्रत्याशी प्रतीक पांडेय तथा उनके पिता पूर्व विधायक पवन पांडेय समेत लगभग डेढ़ सौ समर्थकों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया। अकबरपुर कोतवाल अमित कुमार सिंह ने बताया कि बसपा प्रत्याशी व उनके पिता समेत कई अन्य पर केस दर्ज हुआ है।
रिपोर्ट: राजकुमार मौर्य









