अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले-अपना चुनाव चिन्ह ‘बुलडोजर’ रख लेना चाहिए

Facebook
X
WhatsApp

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बुलडोजर है। इन्हें अपना चुनाव चिन्ह बुलडोजर रख लेना चाहिए। अखिलेश ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बुलडोजर में स्टीयरिंग लगा होता है। स्टीयरिंग घूमने पर ‘बुलडोजर’ दूसरी तरफ चलने लगता है। मुख्यमंत्री आवास का भी नक्शा नहीं पास है। अयोध्या में गरीबों के घर गिरा दिए। सपा सरकार आएगी तो अयोध्या में जो घर गिराए है, उन्हें वहीं घर दिया जाएगा। इस काम में शामिल अधिकारियों को भी नहीं बख्शा जाएगा।

जिस वक्त अलीगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी सरकार की खूबियां गिना रहे थे, ठीक उसी समय समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस की। अखिलेश यादव ने अब्बाजान वाली सीएम की बयानबाजी पर पलटवार किया। अखिलेश ने कहा कि आने वाले समय में भाजपा का सफाया हो रहा है। भाजपा की सरकार का जाना तय है। तभी सरकार के मुखिया की भाषा बदल गई है।  मुख्तार अंसारी को आगे चुनाव में सपा का टिकट देने संबंधी अटकलों पर अखिलेश ने जवाब देने से इंकार कर दिया। कहा कि बहनजी की किसी भी बात पर जवाब नहीं दूंगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि जिनके पास अपना काम बताने को नहीं है वे पहले समाजवादी पार्टी के काम को अपना बता रहे थे। अब दुनिया और दूसरे प्रदेश के कामों की फोटो लगाकर प्रचार कर रहे हैं। समाजवादियों के काम चुराकर अपने नेताओं के नाम रख रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि अगले साल उत्तर प्रदेश की सत्ता हासिल करने के बाद उनकी सरकार पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव आगरा के बटेश्वर में विश्वविद्यालय और अस्पताल का निर्माण करायेगी। कहा कि भाजपा ने अपने नेताओं को भी सम्मान नहीं दिया है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण आगरा का बटेश्वर है जहां भाजपा सरकार ने विकास के बड़े बड़े वादे किये थे लेकिन आज भी बटेश्वर उपेक्षा का शिकार है। सपा सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में बटेश्वर में मंदिरों का जीणोद्धार कराया, साइकिल पथ बनवाये। यूपी की सत्ता संभालने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री के पैतृक गांव में विश्वविद्यालय और अस्पताल का निर्माण करायेगी और गांव को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का काम करेगी।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें