अगर आपकी शादी नहीं हुई है और करने की सोच रहे हैं तो हो जाएं सावधान, वरना…

Facebook
X
WhatsApp

मेरठ: अगर अब तक आपकी शादी नहीं हुई और करने की सोच रहे हैं तो आपको और अधिक सावधान रहने की जरूरत है, वरना कभी भी ठगी के शिकार हो सकते हैं. पश्चिम उत्तर प्रदेश में एक ऐसा गैंग सक्रिय है, जो मैरिज ब्यूरो के नाम पर ठगी का धंधा चला रहा है. जी हां, जैसे ही आप शादी के लिए उत्सुक नजर आएंगे और रजिस्ट्रेशन कराने मैरिज ब्यूरो पहुंचेंगे, तभी इस तरह के गैंग के चक्रव्यूह में फंस जाएंगे. मेरठ में नकली दुल्हन, नकली रिश्तेदार और नकली शादी करवा कर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने मेरठ में फर्जी मैरिज ब्यूरो में छापेमारी की और युवतियों से बात कराकर शादी के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले 10 युवतियों समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह शादी के नाम पर 8 हजार रुपए रजिस्ट्रेशन फीस वसूलता था. इस शादी में न केवल नकली दुल्हन होती थी, बल्कि रिश्तेदार भी नकली होते थे. यह घटना मेरठ के थाना मेडिकल की है, जहां पुलिस ने यह गिरफ्तारी की है।

गिरफ्तार लड़कियां सभी शादी-विवाह मैरिज ब्यूरो में काम करती हैं. जैसे ही कोई भी परिवार इनके झांसे में फंसता है, तभी नकली दुल्हन दिखाकर पैसों की डिमांड करने लगते हैं. शादी के लिए उत्सुक परिवार इनकी डिमांड पूरी भी कर देता है, मगर फिर मौका देख कर उनसे फिर से डिमांड बढ़ जाती है. इस तरह लाखों गवा बैठने के बाद जब शादी का नंबर आता है, तब दुल्हन अचानक रिश्ता तोड़कर फरार हो जाती है और मैरिज ब्यूरो अपनी तरफ से पल्ला झाड़ लेता है।

पुलिस ने 10 युवतियों समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से कई लैपटॉप, मोबाइल फोन और विजिटिंग कार्ड बरामद हुए हैं. ये वो लड़कियां हैं, जो नकली दुल्हन बनकर रिश्ते के लिए हां करती हैं और फिर अनाप-शनाप डिमांड करके धन लूटती हैं. फिलहाल पुलिस इस पूरे गैंग को खंगालने में लगी है. माना जा रहा है कि इस तरह के गैंग में शामिल अन्य लोगों पर भी पुलिस शिकंजा कसने में जुट गई है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें