अजमेर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फ़ैल गई जब अलवर गेट पुलिस थाना क्षेत्र स्थित गुलाब बाड़ी में भाजपा पार्षद के दादा दादी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दादा का जहां गला रेता गया तो वहीं दादी को गला घोंटकर कर मौत के घाट उतारा गया है।
पुलिस एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड ने मौका मुआयना किया। घटनास्थल से सोने के जेवरात गायब मिले हैं। साथ ही दंपती के शरीर पर हत्यारे के साथ संघर्ष के भी निशान मिले हैं। भाजपा पार्षद रजनीश चौहान ने बताया कि 85 वर्षीय दादा मदन चौहान और 80 वर्षीय दादी मैना देवी दोनों अलग रहते थे। सुबह आस पड़ोसियों ने सूचना दी कि घर का सामान बिखरा हुआ है और दादा दादी की हत्या की है। वह मौके पर पहुंचे तो घर का सारा सामान अस्त व्यस्त और दादा का लहूलुहान शव तो दादी का गला घोटा हुआ शव पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने बारीकी से मौका मुआयना किया। डॉग स्क्वायड से भी घटना स्थल की जांच करवाई गई।
लेकिन यह भी माना जा रहा है कि लूट दिखाकर पुलिस का ध्यान भटकाने का प्रयास भी किया जा सकता है। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र शर्मा ने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आस पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना स्थल से अधिक माल नहीं गया है। कुछ सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं। कुछ संदिग्धों को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।









