आगरा के रुनकता में बवाल: युवती को भगाने के आरोपी जिम संचालक साजिद के घरों में लगाई आग, आठ गिरफ्तार

Facebook
X
WhatsApp

आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता से लापता हुई युवती के मामले में आरोपी जिम संचालक साजिद की गिरफ्तारी न होने पर शुक्रवार सुबह गांव में बवाल हो गया। आरोपी जिम संचालक के दो घरों में आग लगा दी गई। सूचना पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। मौके पर पहुंची दमकल ने घरों में लगी आग पर काबू पाया। इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने रुनकता चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि बुधवार रात को ही पुलिस ने युवती को दिल्ली से बरामद कर लिया था। जिम संचालक की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। इसके लिए पुलिस टीम दबिश दे रही थी। युवती का मेडिकल कराने के बाद नारी निकेतन भेज दिया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर शुक्रवार सुबह रुनकता में बाजार बंद हो गया। इससे तनाव की स्थिति थी।

उपद्रवियों ने ताला तोड़कर लगाई आग
बताया गया है कि आरोपी जिम संचालक के दो घरों पर ताला लगा हुआ था। तभी बड़ी संख्या में लोग आए। उन्होंने घरों के ताले तोड़कर आग लगा दी। इसके बाद भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। सीओ हरीपर्वत सत्यनारायण का कहना है कि दो घरों में आग लगाई गई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इलाके में फोर्स तैनात की गई है।

रुनकता की रहने वाली छात्रा 11 अप्रैल की दोपहर लापता हो गई थी। परिजनों ने जिम संचालक साजिद पर उसे अगवा कर ले जाने का आरोप लगाया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अखिल भारत हिंदू महासभा ने थाने का घेराव कर हंगामा किया था। पुलिस को युवती की बरामदगी का अल्टीमेटम दिया था।
दिल्ली में मिली थी लोकेशन
बुधवार को छात्रा की लोकेशन दिल्ली में मिली थी। इस पर पुलिस टीम गई थी। उसे बरामद कर लिया। युवती के वीडियो भी वायरल हुए थे। इसमें वो अपनी मर्जी से जाने की बात कह रही थी। युवती के सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक कमरे में नजर आ रही। वह कह रही है कि बालिग है। इसमें जिम संचालक भी नजर आया है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें