आर्थिक संकट के बीच पेट्रोल पंप पर चाय पिलाता नजर आया श्रीलंका का विश्व कप विजेता खिलाड़ी

Facebook
X
WhatsApp

श्रीलंका में इन दिनों आर्थिक संकट चल रहा है. ऐसे में 1996 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रह चुके श्रीलंका के क्रिकेटर रोशन महानामा लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं. महानामा पेट्रोल पंप पर लोगों को जरूरत का सामान उपलब्ध करा रहे हैं. उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं जिसमें वे लोगों को चाय और बन परोसते नजर आ रहे हैं. श्रीलंका के लिए इस बेहद मुश्किल वक्त में महानामा ने लोगों से एक दूसरे की मदद करने की अपील की।

लोगों से की मदद की अपील
उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, ‘हमने वार्ड प्लेस और विजेरामा मावथा के आसपास पेट्रोल के लिए लाइन में लगे लोगों के लिए चाय और बन परोसने का काम किया. ये कतारें हर दिन लंबी होती जा रही हैं ऐसे में लोगों का स्वास्थ्य खराब हो रहा है. कृपया, ईंधन की कतारों में लगे लोग अपना ध्यान रखें और एक-दूसरे की मदद करें।

श्रीलंका में इन दिनों भयानक आर्थिक संकट चल रहा है. ऐसे में लोगों को आधारभूत चीजों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. देश ईंधन के आयात लिए भी संघर्ष कर रहा है और अनुमान है कि यहां पेट्रोल और डीजल का मौजूदा स्टॉक कुछ वक्त में खत्म हो सकता है. फिलहाल लोग ईंधन के लिए पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगा रहे हैं।

आपको बता दें कि 31 मई 1966 को कोलंबो में जन्मे महानामा श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार किए जाते हैं. उन्होंने श्रीलंका के लिए 213 वनडे मैच और 52 टेस्ट मैच खेले हैं. टेस्ट में उनके नाम 4 शतक और 11 अर्धशतक हैं और वनडे में 4 शतक तथा 35 अर्धशतकों के साथ उन्होंने 5162 रन बनाए हैं. वह 1996 में वर्ल्ड कप जीतने वाली श्रीलंकाई क्रिकेट टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं. महानामा ने 1999 में वर्ल्ड कप के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें