उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में सेवा के लिए लगे कर्मचारियों के एक वाहन के दुर्घटना के शिकार हो जाने की खबर पौड़ी से है. मतदान सम्पन्न करवाकर ईवीएम मशीनें कंट्रोल रूम में जमा करवाने के बाद देहरादून लौट रहे 4 चुनावकर्मियों की कार पौड़ी-देवप्रयाग सड़क पर हादसे की शिकार हो गई. कार में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं. भटकोट के पास अचानक अनियंत्रित होकर कार 200 मीटर गहरी खाई में गिरी. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बचाव कार्य चलाया. तीनों घायलों को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से एक की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर भेज दिया गया है.
पौड़ी के ज़िला मजिस्ट्रेट विजयकुमार जोगदंडे ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि एक घायल की हालत गंभीर है और उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. इससे पहले जोगदंडे ने अस्पताल जाकर घायलों की स्थिति का जायज़ा लिया और प्रशासन की तरफ से इलाज संबंधी सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए. इधर, कुछ इलाकों में देर रात तक मतदान होने और ईवीएम को स्ट्रॉंग रूम में जमा करवाए जाने का सिलसिला चलता रहा सीमांत जनपद चमोली की तीनों विधानसभाओं बद्रीनाथ, थराली और कर्णप्रयाग के 568 पोलिंग बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ. सोमवार देर रात तक जिला मुख्यालय के आसपास की पोलिंग पार्टियां स्ट्रांग रूम गोपेश्वर महाविद्यालय पहुंचीं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी और एसपी की निगरानी में यहां कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम को रखा गया. दूरस्थ इलाकों की पोलिंग पार्टियां महाविद्यालय गोपेश्वर स्थित स्ट्रांग रूम तक आज मंगलवार को पहुंचेंगी.









