आखिरकार इंतजार खत्म हुआ और वो तारीख सामने आ गई, जिस दिन कपिल शर्मा के शो का तीसरा सीजन टीवी पर आएगा। सस्पेंस से पर्दा उठ गया है, क्योंकि कपिल के शो का प्रोमो आउट हो गया है, जिसमें ये बताया गया कि शो किस दिन कमबैक करने वाला है। लोगों का अंदाजा बिल्कुल सही निकला, कपिल का शो ‘इंडियन आइडल 12’ को रिप्लेस करने जा रहा है। ‘इंडियन आइडल 12’ का ग्रैंड फिनाले 15 अगस्त को खत्म हो गया इसलिए अब कपिल शर्मा शो का तीसरा सीजन पूरानी टीम लेकिन नए जोश के साथ 21 अगस्त को सोनी टीवी पर रात 9.30 पर प्रसारित होने जा रहा है।
इस बार शो के पहले मेहमान एक्टर अजय देवगन होने वाले हैं, जो कि शो में फिल्म ‘भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया’ की टीम’ का प्रमोशन करते नजर आएंगे। शो का प्रोमो कपिल ने खुद ही अपने इंस्ट्राग्राम पर शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि ‘Coming on 21st August’।
यही नहीं शो के अगले दिन आपको शो में अक्षय कुमार फिल्म ‘बेल बॉटम’ का प्रमोशन करते नजर आएंगे। जो कि 19 अगस्त को रिलीज होने वाली है। शो के प्रोमो में दिख रहा है कि अक्षय कुमार, कपिल संग काफी मस्ती करते दिख रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं की शो के प्रोमो ने शो के प्रति लोगों की काफी उत्सुकता पैदा कर दी है।
तो वहीं कपिल शर्मा शो के प्रोमो में सुमोना चक्रवर्ती को छोड़कर सभी पुराने कलाकार नजर आ रहे हैं। शो में भारती सिंह, कृष्णा अभिषेक, सुदेश, चंदन प्रभाकर, कीकू शारदा के साथ इस बार आपको जानेमाने कॉमेडियन सुदेश लहरी भी नजर आने वाले हैं तो वहीं शो की गेस्ट अर्चना पूरण सिंह ही होंगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सुमोना चक्रवर्ती भी शो का हिस्सा हैं लेकिन उन्हें सस्पेंस बढ़ाने के लिए प्रोमो से दूर रखा गया है।
‘ द कपिल शर्मा शो’ बंद होने के पीछे दो वजह बताई गई थीं। पहली ये कि महाराष्ट्र में फैले कोरोना संक्रमण के कारण शो को शूट करने में खासी दिक्कतें आ रही थीं और दूसरी ये कि फरवरी में कपिल शर्मा दूसरी बार पापा बने हैं, ऐसे में वो थोड़ा वक्त अपने परिवार संग व्यतीत करना चाहते थे, इसलिए उन्होंने शो से ब्रेक लेने का फैसला किया था, जिसके कारण शो को ऑफ एयर किया गया था।









