गाज़ियाबाद. भोलेनाथ का प्रिय माह सावन शुरू होने वाला है. इसी के साथ कांवड़ यात्रा भी शुरू हो जाएगी. हिन्दू धर्म में कांवड़ यात्रा का विशेष महत्व है. पिछले दो वर्षों से कोविड महामारी के कारण शिव भक्त कांवड़ यात्रा से वंचित रहे थे, लेकिन इस बार दोबारा से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है, जिसे लेकर शिव भक्तों में गजब का उत्साह है. कांवड़ यात्रा को लेकर जहां एक तरफ शिव भक्त काफी उत्साहित दिख रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ शासन-प्रशासन और नगर निगम भी यात्रा को सफल बनाने में जुट गए हैं. गाज़ियाबाद नगर निगम ने भी कांवड़ यात्रा के लिए कमर कस ली है।
अंतिम चरण में नगर निगम की तैयारी
कांवड़ यात्रा को देखते हुए गाजियाबाद के नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कमान संभाल ली है और युद्धस्तर पर तैयारी शुरू कर दी है. नगरायुक्त ने कांवड़ यात्रा मार्ग में चल रही मीट की दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही सड़कों की सफाई के लिए एक हफ्ते से अभियान भी चलाया जा रहा है. वहीं कांवड़ियों को अंधेरा परेशान ना करें इसलिए यात्रा मार्ग पर प्रकाश की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
इसके साथ ही सड़कों पर मौजूद गड्ढों को भी भरने का काम किया जा रहा है. वहीं कांवड़ मार्ग के साथ ही जिले के मुख्य मंदिरों के बाहर भी सफाई व्यवस्था का ध्यान रखा जा रहा है. मंदिर तक जाने वाले रास्ते को भी साफ किया जा रहा है।
गाज़ियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने न्यूज़ 18 लोकल को बताया कि जिले में दो साल बाद कांवड़ यात्रा का आयोजन हो रहा है, जिस कारण से भक्तों में कांवड़ यात्रा को लेकर खूब उत्साह है. नगर निगम का प्रयास है कि कांवड़ियों को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो. इसके लिए हमारी टीम लगातार काम कर रही है. सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है. सड़क पर जहां-जहां गड्ढे बन गए हैं, उनको भी भरवाने का काम किया जा रहा है।













