देश के लगभग सभी राज्यों में कम हो रहे कोरोना वायरस के मामलों के बीच तेलंगाना से एक बुरी खबर आई है। तेलंगाना के खम्मम जिले में एक सरकारी स्कूल के अंदर 28 छात्राएं कोरोना वायरस से संक्रमित मिली हैं। रविवार को जैसे ही इस खबर का पता चला, सभी माता-पिता स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल से उनके बच्चों को घर भेजने की मांग की। वहीं, इस घटना के बाद राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने फैसला किया है कि स्कूल के सभी बच्चों, स्टाफ और सभी शिक्षकों का कोरोना वायरस टेस्ट किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, फिलहाल इस स्कूल में 575 बच्चे हैं।
पूरा मामला सामने आने के बाद तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव ने जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों से फोन पर बात की और कोरोना वायरस से संक्रमित छात्राओं की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी। स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पॉजिटिव छात्राओं को अच्छे से अच्छा इलाज दिया जाए। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने इलाके में कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के लिए कहा है। आपको बता दें कि रविवार को पूरे तेलंगाना में 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के 103 नए केस रिकॉर्ड किए गए थे।
गौरतलब है कि सोमवार को देश में कोरोना वायरस के मामलों में एक बड़ी गिरावट देखी गई, जब दूसरी लहर में पहली बार संक्रमण के केस 10 हजार से नीचे रिकॉर्ड किए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के 8488 नए मरीज मिले हैं, जबकि 12510 मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे हैं। इसके अलावा बीते एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 249 लोगों की जान गई है। कोरोना वायरस के मरीजों के ठीक होने की रफ्तार घटने से देश में एक्टिव मामले भी कम हुए हैं और बीते 534 दिनों में ये आंकड़ा सबसे कम 1,18,443 पर पहुंच गया है।









