कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके में शुक्रवार दोपहर करीब सवा दो बजे के करीब बांग्लादेश उप उच्चायोग के पास अंधाधुंध गोलियां चलीं. यहां चाडुप लेप्चा नाम के एक पुलिसकर्मी ने 7 राउंड फायरिंग करने के बाद खुदकुशी कर ली. एसएलआर राइफल से अंधाधुंध गोलियां चला कर उसने बाइक सवार एक महिला की हत्या कर दी, जबकि बाइक चालक गोली लगने से घायल हुआ है. फायरिंग की इस घटना में एक महिला जो पैदल जा रही थी, वह भी घायल हुई है. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही मौके पर कोलकाता पुलिस पहुंंची और इलाके को घेर लिया. पुलिस कर्मी चाडुप लेप्चा के बारे में बताया गया है कि उसने आज शुक्रवार को ही ड्यूटी ज्वाइन की थी. उसने गोलियां चलाईं इसके कारण सड़क से गुजर रही एक महिला को गोलियां लगीं और उसकी मौत हो गई. यह महिला एक बाइक पर सवार थी और इस बाइक चालक को भी गोलियां लगी हैं. महिला के बारे में अभी अधिक जानकारी नहीं मिल सकी है. वहीं घायल को अस्पताल पहुंचा दिया गया है. पुलिस लोगों से जानकारी जुटा रही है तो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. इलाके की दुकानें भी इस घटना के बाद बंद हो गईं।









