लखनऊ। जेल में बंद गैंगस्टर वसीम खां पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मलिहाबाद पुलिस ने रविवार को उसकी एक करोड़ से अधिक कीमत की संपत्ति कुर्क कर ली।
एसपी ग्रामीण हृदेश कुमार ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मुहिम चला रखी है। सीओ मलिहाबाद योगेंद्र सिंह ने बताया कि मलिहाबाद कोतवाल चिरंजीव मोहन ने वसीम खान निवासी तिरगवा, मलिहाबाद, संतलाल निवासी रानीखेड़ा, मलिहाबाद व हरदोई के थाना कासिमपुर के आफाक के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचक एसओ माल राम सिंह ने चार्जशीट दाखिल करते हुए मुख्य अभियुक्त वसीम खान और सह अभियुक्त संतलाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वसीम व उसके साथियों ने लोगों से धोखाधड़ी व ठगी कर करोड़ों की चल व अचल संपत्ति अर्जित की रखी है।
सीओ मलिहाबाद ने इसकी विस्तृत रिपोर्ट डीएम अभिषेक प्रकाश को भेजी थी। डीएम के आदेश पर रविवार को पुलिस ने वसीम खां की चार लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो, पल्सर बाइक, 80 लाख रुपये कीमत का पक्का मकान, तिरगवां में वसीम की 8.5 लाख रुपये कीमत की जमीन, गौंदा मुअज्जम नगर में 8.85 लाख रुपये कीमत की भूमि, ग्राम अहमदाबाद में 3.35 लाख रुपये कीमत की भूमि को कुर्क किया गया। कुर्क की गई कुल चल व अचल संपत्ति की कीमत एक करोड़ से ज्यादा है।









