सुशांत सिंह राजपूत का आज जन्मदिन है. इस मौके पर आज हर कोई सुशांत को याद कर रहा है और जन्मदिन की बधाइयां दे रहा है. फिल्मी दुनिया के स्टार से लेकर परिवार के सदस्य और आम लोग सोशल मीडिया पर बधाई देने के साथ संवेदना भी व्यरक्त रहे है. याद दिला दें कि सुशांत सिंह राजपूत ने महज 34 साल की उम्र में फिल्मी दुनिया में वह मुकाम हासिल कर लिया, जो कई लोगों को बड़ी उम्र गुजार लेने के बाद भी नसीब नहीं होता. सुशांत सिंह राजपूत न सिर्फ बेहतर कलाकार थे, बल्कि विज्ञान के अच्छे जानकार थे और और सबसे बड़ी बात कि जिंदादिल इनसान भी थे. आज के दिन हर कोई सुशांत को याद कर भावुक है. कोई तस्वीर के जरिए अपनी संवेदना जता रहा है, सुशांत सिंह राजपूत के जन्मदिन के मौके पर उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने इंस्टाग्राम पर सुशांत का एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है कि जन्मदिन की बहुत बधाई भाई, तुम्हारी विरासत हमेशा जिंदा रहेगी और हमलोग तुम्हारे सारे सपनों को पूरा करने की कोशिश करेंगे. बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने जो वीडियो पोस्ट किया है, उसमें सुशांत के कई रूप दिखाए गए हैं. सुशांत अपने जीवन में कितने ऊर्जावान और जिंदादिल इनसान थे
इस मौके पर सुशांत सिंह को याद करते हुए अदाकारा कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट की और लिखा ‘आसमान के चमकते सितारे को जन्मदिन की बहुत बधाई.’ गौरतलब है कि जब सुशांत की आकस्मिक मौत हुई थी तो कंगना ने न्यूज चैनल पर इंटरव्यू में नेपोटिज्म के आरोप लगाते हुए कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे. कंगना ने बताया था कि सुशांत का करियर कुछ लोगों ने खत्म कर दिया है. कंगना ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या करार देते हुए कहा था कि कुछ लोग बाहर से आने वालों के सामने ऐसा चुनौतीपूर्ण माहौल बनाते हैं कि वह आगे बढ़ नही पाए.
बॉलीवुड की हिरोइन रिया चक्रवर्ती ने भी एक वीडियो पोस्ट किया. उन्होंने लिखा – ‘तुम्हें बहुत याद करती हूं.’ बता दें कि जब सुशांत सिंह राजपूत की मौत हुई थी तो रिया चक्रव्रती पर कई सवाल खड़े हुए थे. रिया चक्रवर्ती पर हत्या के उकसाने के आरोप खबरों में चर्चा का विषय बना था. मौत के बाद आत्महत्या और हत्या के बीच जांच शुरू हुई. बाद में इसे सीबीआई को सौंप दिया गया, जिसका नतीजा आज भी नहीं आया है.
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को अपने मुंबई अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे. यह सूचना मिलते ही फिल्मी दुनिया सहित पूरे देश में तहलका मच गया था. पहले उनकी मृत्यु को मुंबई पुलिस ने आत्महत्या करार दिया था, जिसे कोई भी मानने को तैयार नहीं था. आत्महत्या मामले पर पूरा बॉलीवुड दो खेमो में बंट गया था. लेकिन बाद में मामला नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ केंद्रीय जांच ब्यूरो को स्थानांतरित कर दिया गया. इस मामले में बाद में जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय भी शामिल हो गया. आज भी हर कोई जानना चाहता है कि सुशांत की मौत कैसे हुई थी.









