UP News: नौगढ़ ब्लॉक सभागार में विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर आयोजित, लोगों को बताए निःशुल्क कानूनी सहायता के अधिकार

Facebook
X
WhatsApp

रिपोर्ट- विशाल गुप्ता

UP News: नौगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में गुरुवार को नौगढ़ ब्लॉक सभागार में वृहद विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम विकास विभाग की देखरेख में आयोजित इस शिविर में लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, उनके अधिकारों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह, बाल श्रम और महिला उत्पीड़न जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए लोगों से कानून का पालन करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान पैरालीगल वालंटियर (पीएलवी) रामचन्द्र ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि न्याय प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। पात्र व्यक्तियों को आर्थिक स्थिति या सामाजिक परिस्थितियों के कारण न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

पात्र लोगों को मिलती है निःशुल्क कानूनी सहायता

शिविर में बताया गया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, बच्चों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों सहित कानून के तहत पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। इसके साथ ही लोक अदालतों के माध्यम से मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।

लोगों को बताया गया कि कानूनी सहायता की जरूरत पड़ने पर वे विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं। निःशुल्क कानूनी सहायता से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 15100 और बच्चों की सहायता के लिए 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई।

बाल विवाह, बाल श्रम और महिला उत्पीड़न के खिलाफ किया जागरूक

शिविर में बाल विवाह, बाल श्रम और महिला उत्पीड़न जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों पर चर्चा की गई। लोगों को महिलाओं के अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा और समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।

विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं का किया प्रचार-प्रसार

शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसमें पंचायती राज विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग (आईसीडीएस), श्रम विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला कल्याण विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), मिशन शक्ति, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, वन विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

चार गर्भवती महिलाओं की कराई गई गोद भराई

कार्यक्रम के दौरान आईसीडीएस विभाग की ओर से चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। इस पहल के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य, पोषण और गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल के महत्व को रेखांकित किया गया। शिविर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने भी सहभागिता की।

विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

इस अवसर पर एडीओ आईएसबी अनिल सिंह, एडीओ कोऑपरेटिव सुधीर कुमार, समाज कल्याण विभाग के सुरेश बिहारी, कृषि विभाग के श्याम नारायण गौड़, सीडीपीओ प्रवेश कुमार, विशन्द्र कुमार चौधरी, गवेश कुमार विश्वकर्मा और गंगा त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा पैरालीगल वालंटियर श्याम लाल, पूजा रानी, गुरुचरण, गोरखनाथ और भोला राम सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें