जॉन अब्राहम इन दिनों अपनी फिल्म ‘अटैक’ के प्रमोशन में लगे हैं. हाल ही में मीडिया से रूबरू होते हुए अपने जवाबों में भी जॉन अटैक के मूड में ही नजर आए. साउथ के सिनेमा की फिल्मों जैसे ‘पुष्पा’ और ‘आरआरआर’ ने बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों धमाल मचा दिया है. लेकिन जॉन ने इस सारे हंगामे के बीच साफ कर दिया है कि ‘बॉलीवुड के कई दूसरे एक्टरों की तरह वह सिर्फ बिजनेस में बने रहने के लिए रीजनल सिनेमा का हिस्सा नहीं बनेंगे.’ एक दिन पहले ही सलमान खान आईफा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में साउथ के सिनेमा का हिंदी क्षेत्रों में हिट होने और बॉलीवुड फिल्मों का साउथ में न चल पाने पर आश्चर्य दिखाते नजर आए हैं।
दरअसल पिछले कुछ समय ये यह खबर थी कि जॉन अब्राहम भी साउथ सिनेमा के चढ़ते हुए इस बुखार में शामिल होने जा रहे हैं और एक तेलुगू फिल्म का हिस्सा बनने वाले हैं. इंडिया डॉट कॉम से हुई बातचीत के दौरान इस सवाल पर जॉन ने कहा, ‘मैं कभी एक क्षेत्रीय सिनेमा की फिल्म नहीं करूंगा. मैं हिंदी फिल्म का हीरो हूं. मैं सिर्फ एक फिल्म का हिस्सा बनने के लिए कभी भी सेकेंड लीड का रोल नहीं करूंगा. सिर्फ बिजनेस में बने रहने के लिए मैं कभी भी दूसरे एक्टर्स की तरह रीजनल फिल्मों का हिस्सा नहीं बनूंगा.’ आपको बता दें कि जॉन अब्राहम के प्रभास स्टारर तेलुगू फिल्म ‘सालार’ में नजर आने की खबरें थीं।
आपको बता दें कि जॉन अब्राहम ने जिन एक्टर्स की तरफ इशारा किया है, उनमें अजय देवगन, आलिया भट्ट और सलमान खान जैसे सितारों के नाम शामिल हैं. अजय और आलिया, निर्देशक राजामौली की ‘आरआरआर’ में छोटे-छोटे किरदारों में नजर आए हैं. वहीं सलमान खान जल्द ही साउथ के मेगास्टार चिरंजीवी की फिल्म ‘गॉडफादर’ में एक स्पेशल रोल करते नजर आएंगे. हाल ही में सलमान खान ने कहा, ‘मैं ये सोच रहा हूं कि हमारी फिल्में साउथ में अच्छा क्यों नहीं कर रही हैं जबकि उनकी फिल्में हमारे यहां बहुत बढ़िया कर रही हैं।
जॉन के वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘अटैक’ के बाद एक्ट सीधे शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म ‘पठान’ की शूटिंग में बिजी होने वाले हैं. जॉन, रकुल प्रीत और जैकलीन फर्नांडीज स्टारर अटैक एक साइ-फाइ ड्रामा है और इसके ट्रैलर के बाद से ही इसकी काफी तारीफ हो रही है. निर्देशक लक्ष राज आनंद की ये फिल्म 1 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।









