बाराबंकी: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को बाराबंकी आए थे. वह जब यहां से भाजपा प्रशिक्षण के समापन सत्र को संबोधित करके वापस जा रहे थे, तभी भाजपा का एक बूथ अध्यक्ष उनके पैरों पर गिरकर फूट-फूट कर रोने लगा. डिप्टी सीएम ने उसे उठाकर पूरे मामले की जानकारी ली तो उसने आरोप लगाया कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा है.
दरअसल, पूरा मामला बाराबंकी में सतरिख थाना क्षेत्र के मौथरी गांव का है. जहां उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के प्रचार के लिए फरवरी महीने में अपर्णा यादव आई थीं. इस दौरान जब वह भाजपा के समर्थन में सभा को संबोधित करके वापस जा रही थीं तब सपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया था. अपर्णा यादव ने दूसरी सभा के दौरान इसका जिक्र करते हुए कहा था कि वह शेरनी हैं और सपा के गुंडों से डरने वाली नहीं हैं.
वही भाजपा बूथ अध्यक्ष ने बताया कि विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान जब भाजपा नेता अपर्णा यादव बाराबंकी आई थी. इस दौरान एक सपा कार्यकर्ता ने उनके खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया था. उन्होंने उसकी पहचान कर उसे पुलिस से पकड़वा दिया था. अब वही लोग गांव में उससे उस बात की दुश्मनी निकाल रहे हैं और आए दिन उनके साथ मारपीट करके गांव से भगा देते हैं.
आरोप है कि यह दबंग उन लोगों को मारपीट कर गांव से भगा दे रहे हैं. जिसके चलते यह लोग दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है और आज डिप्टी सीएम के पैरों पर गिरकर न्याय की गुहार लगा रहे थे. पीड़ित पक्ष का कहना है कि दबंग समाजवादी पार्टी से भी जुड़े हैं और पुलिस भी स्थानीय विधायक सुरेश यादव और सपा नेताओं के दबाव में उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है.









