दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में एक तीन मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं पुलिस और दमकल की तीन गाड़ियां बचाव एवं राहत कार्य में जुटी हैं।
दिल्ली दमकल सेवा के अनुसार, नंद नगरी स्थित ऑटो मार्केट में शनिवार को एक इमारत के ढहने के बाद मलबे में दबे दो लोगों को बचा लिया गया है। तलाशी अभियान अब भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के कुछ हिस्सों और आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि राजधानी में न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में सामान्य है।
आईएमडी ने कहा था कि अगले दो घंटों के दौरान दिल्ली और उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद, खेकड़ा, दौराला, बड़ौत, मेरठ, मोदीनगर, हापुड़, खुर्जा, कासगंज, नरौरा, राया, नंदगांव और बरसाना में मध्यम दर्जे से भारी बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने ट्विटर पर कहा कि हरियाणा के भिवानी, गुरुग्राम, मानेसर, कोसली, गन्नौर, गोहाना, सोनीपत, कैथल, फरीदाबाद और सोहना तथा राजस्थान के भिवाड़ी, तिजारा, नदबई, नगर, डीग और लक्ष्मणगढ़ में भी ऐसा ही मौसम रहेगा।
बहरहाल, आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में सापेक्ष आर्द्रता 81 प्रतिशत दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर एक्यूआई 106 रहा। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच एक्यूआई ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच एक्यूआई ‘मध्यम’ 201 और 300 के बीच एक्यूआई ‘खराब’, 301 और 400 के बीच एक्यूआई ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।









