आगरा। पांच दिन का त्योहार आज सम्पन्न हो रहा है। दिल्ली-नोएडा या लखनऊ और कानपुर से आगरा अपने शहर त्योहार मनाने आने वाले लोगों की वापसी का सिलसिला गुरुवार दोपहर से शुरू हो गया है। चूंकि इस बार धनतेरस पर यमुना एक्सप्रेस और आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजाओं पर किलोमीटरों लंबी कतार लगी थी और लखनऊ एक्सप्रेस वे से तो 2000 वाहनों को फ्री में निकालना पड़ा था, इसलिए आज बंदोबस्त पहले ही चाक चौबंद कर लिए गए हैं।
यमुना एक्सप्रेस वे पर है ये व्यवस्था
भाई दूज मनाने के बाद गुरुवार को लोगों का लौटना शुरू हो जाएगा। हाईवे और एक्सप्रेस वे पर वाहनों का दबाव बढ़ जाएगा। टोल पर जाम न लगे, इसके लिए चौकस व्यवस्था की गई है। महुअन टोल पर वीआइपी लाइन से वाहन निकाले जाएंगे। दीपावली पर्व मनाकर लोग गुरुवार को लौटेंगे। महुअन टोल पर दोनों तरफ छह-छह लाइनों से वाहन निकाले जाएंगे। वीआइपी लाइन को भी खोल दिया जाएगा। वाहनों की स्थिति पर नजर रखने को पेट्रोलिंग कराई जाएगी।
एंबुलेंस और चिकित्सकों की व्यवस्था की गई है। स्टाफ भी बढ़ाया गया है।
टोल प्रबंधक जयपाल सिंह ने बताया कि व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी। स्टाफ बढ़ाया गया है। एक्सप्रेस वे के मांट टोल प्लाला पर सभी 11-11 लाइन से वाहन निकाले जाएंगे। अभी दोनों तरफ आठ-आठ लाइन हैं। बाइक भी तीनों लाइन से निकाली जाएंगी। अभी एक-एक लाइन से ही निकाली जा रही हैं। रात 12 बजे तक पचास हजार वाहन निकलने का अनुमान है। मांट टोल प्लाजा प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों तरफ 11-11 लाइन से वाहन निकाले जाएंगे।
लखनऊ एक्सप्रेस वे पर भी इंतजाम
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे भी आज सभी टोल बूथ खोले जाएंगे। एक्सप्रेस वे के अधिकारियों का कहना है कि वैसे दबाव कम रहना चाहिए क्योंकि लोड शुक्रवार, शनिवार और रविवार में भी बंटेगा। यदि वाहनों का दबाव ज्यादा रहता है तो वीवीआईपी लेन से सामान्य वाहन गुजारे जाएंगे। वहीं आगरा जयपुर रोड पर फतेहपुर सीकरी के पास बने टोल प्लाजा पर भी अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
रिपोर्ट – अनुराग रावत









