दिल्ली में आज से युवाओं का टीकाकरण, 77 केंद्रों में लगेगी वैक्सीन

Facebook
X
WhatsApp

दिल्ली सरकार 18 साल से अधिक उम्र वालों के लिए आज से टीकाकरण अभियान शुरू कर रही है। इसके लिए दिल्लीभर में 77 टीकाकरण केंद्र अलग से स्कूलों में बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर अभी सिर्फ उन्हीं लोगों को टीका लगेगा, जिन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण कराया होगा। सरकार का कहना है कि सात मई तक दिल्ली को और कोविड वैक्सीन मिलने के बाद टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

दिल्ली में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण एक मई को सिर्फ एक केंद्र पर सांकेतिक टीकाकरण शुरू हुआ था। अब दिल्ली सरकार को वैक्सीन की 4.5 लाख डोज मिल चुकी है। इसके बाद सरकार ने फैसला किया है कि 77 केंद्रों से युवाओं के टीकाकरण की शुरुआत होगी। सरकार दो कोविड वैक्सीन निर्माता कंपनियों को 67-67 लाख डोज का ऑर्डर दे चुकी है। सरकार ने कहा कि टीके की आपूर्ति तेजी से शुरू होने क बाद प्रत्येक वार्ड में कोविड टीकाकरण केंद्र खोले जाएंगे।

दिल्ली सरकार ने कहा कि इस बार 18 से 44 साल की उम्र वालों को टीका लगाने के लिए अस्पताल की जगह स्कूल को टीकाकरण केंद्र बनाया जाएगा। कुछ पॉली क्लीनिक को भी इसके लिए चिह्नित किया गया है। सरकार का कहना है कि अस्पताल में पहले से कोरोना संक्रमित मरीज हैं। अगर वहां टीका लगाने वालों की भीड़ बढ़ी तो संक्रमण फैलने का खतरा रहेगा। इसलिए टीका लगाने के लिए स्कूलों को चुना गया है। अगर भीड़ भी हुई तो उसे नियंत्रित करने में आसानी होगी। सरकार ने सबसे अधिक 17 कोविड टीकाकरण केंद्र पश्चिमी जिले में और सबसे कम चार केंद्र नई दिल्ली जिले में खोले हैं।

सरकार ने कहा कि दिल्ली में पहले दिन 77 केंद्र पर कुल 57750 लोगों के टीका लगाने की क्षमता होगी। सरकार स्कूल में बनाए गए कोविड टीकाकरण केंद्र पर पांच-पांच वैक्सीनेशन बूथ बनाएगी। प्रत्येक बूथ पर 150 लोगों को कोविड टीका लगेगा। इस तरह एक दिन में 57750 लोगों को टीका लगाया जा सकेगा। सरकार ने 7 मई तक 274 कोविड टीकाकरण केंद्र का प्लान बनाया है, लेकिन यह कोविड वैक्सीन की आपूर्ति पर निर्भर करेगा।

स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली में 18-44 साल की उम्र वालों को ऑन स्पॉट पंजीकरण और टीका की सुविधा नहीं मिलेगी। यह सुविधा फिलहाल सिर्फ 45 साल से अधिक उम्र वालों के लिए उपलब्ध है। 18 से 44 साल की उम्र वालों को पहले कोविन ऐप, आरोग्य सेतू ऐप पर पंजीकरण कराना होगा। उसके बाद जो तारीख और समय दिया जाएगा, उसी दिन जाकर टीका लगवा सकेंगे। दिल्ली सरकार के केंद्र पर टीका पूरी तरह से मुफ्त होगा

देशभर से 18 साल से अधिक उम्र वालों को टीका लगाने के लिए चल रहे पंजीकरण में कई लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के एक निवासी ने बताया कि रविवार को पंजीकरण कराया तो उन्हें समय और तारीख नहीं मिली है। इसलिए पता नहीं चल रहा है कि उनका टीका किस दिन कितने बजे लगेगा। इस पर अधिकारियों का कहना है कि हो सकता है कि भीड़ के चलते अभी समय नहीं मिल रहा हो। मगर जिस ऐप पर पंजीकरण कराया होगा, उससे उन्हें तारीख व समय मिल जाएगा।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें