नोएडा में किसान नेता के फार्म हाउस में दादा-पोते की जहरीला पदार्थ पीने से मौत

Facebook
X
WhatsApp

ग्रेटर नोएडा: दनकौर क्षेत्र के रिलखा गांव के नजदीक एक किसान नेता के फार्म हाउस में मंगलवार को जहरीला पदार्थ पीने से दादा और पोते की मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि घरेलू विवाद के कारण दादा ने अपने पोते के साथ जहरीला पदार्थ पी लिया जिसके कारण दोनों की मौत हो गई है।

कुछ वर्ष पहले घर छोड़कर चला गया था उनका बेटा
पुलिस ने बताया कि मूलरूप से अलीगढ़ के 65 वर्षीय निहाल कई वर्षों से रिलखा गांव के नजदीक एक किसान नेता के फार्म हाउस पर नौकरी कर रहे थे। बताया जाता है कि कुछ वर्ष पहले किसी कारण उनका बेटा घर छोड़कर चला गया था। इसके बाद उनकी पुत्रवधू भी अपने तीन वर्षीय बेटा लव व आठ वर्षीय बेटा शिवराज को छोड़कर फरार हो गई थी।

दोनों के जाने के बाद छोटा बेटा लव दादा के साथ फार्म हाउस पर रह रहा था जबकि बड़ा बेटा शिवराज बुआ के साथ रहने लगा। इसके अलावा निहाल का बड़ा बेटा निर्मल कुमार व पोती छवि भी साथ रह रहे थे। बताया जाता है कि निहाल के परिवार के अन्य सदस्य पोते को साथ नहीं रहने देना चाह रहे थे। इसके चलते कुछ समय से विवाद चल रहा था।

मंगलवार की दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि निहाल और उसके पोते की हालत नाजुक बनी हुई है। दादा ने कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर अपने साथ पोते को पिला दिया जिसके कारण यह घटना हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के जिम्स में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गला खराब होने के कारण पोती ने नहीं पी जहरीली कोल्डड्रिंक
निहाल के बड़े बेटे निर्मल कुमार ने बताया कि उनके पिता विगत कुछ माह से बीमार चल रहे थे। उनका दिल्ली के एक अस्पताल से उपचार चल रहा था। उन्होंने बताया कि पिता का उपचार कराने के लिए वह रुपयों की व्यवस्था करने के कारण मंगलवार को कहीं बाहर गए थे। बताया जाता है कि दादा ने अपनी बीमारी से परेशान होकर कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पी लिया।

आशंका है कि पोते लव को बेसहारा होने के डर से उसे भी अपने साथ जहरीली कोल्डड्रिंक पिला दी। निर्मल कुमार ने बताया कि उनकी बेटी छवि को भी कोल्डड्रिंक पीने के लिए कहा गया, लेकिन गला खराब होने के कारण उसने नहीं पी। इसी के चलते छवि की जान बच गई।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें