फतेहपुर जिले के जाफरगंज में द्वारचार के समय पत्नी के साथ पुलिस देखकर दूल्हा बरात छोड़कर भाग गया। युवक बरात लेकर तीसरी शादी रचाने आया था। भौराजपुर निवासी एक व्यक्ति ने एक माह पहले 22 वर्षीय बेटी की शादी जहानाबाद थाने के कलाना गांव निवासी आशाकरण के साथ तय की थी। लड़की पक्ष को दूल्हे की पहले ही एक शादी होने की जानकारी थी। इससे उसके दो बच्चे हैं।
न्यायालय से दोनों के अलग रहने के फैसले की भी जानकारी है। रविवार को बरात गांव के बजाय बहन की ससुराल कीरतपुर से भौराजपुर आई। द्वारचार की रस्म के समय अचानक आशाकरण की दूसरी पत्नी कानपुर के महाराजपुर थाने के प्रेमपुर निवासी रमा पाल देवरी चौकी पुलिस के साथ भौराजपुर पहुंच गई। पुलिस के साथ पत्नी को देख दूल्हा बरात छोड भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने शादी रुकवा दी। बराती भी खिसक गए।
अपनी मां कलावती के साथ आई रमा पाल ने बताया कि आशाकरण की पहले ही दो शादी हो चुकी हैं। पहली पत्नी से दो बच्चे हैं। पहली पत्नी से संबंध खराब होने के बाद तीन साल पहले उससे शादी हुई थी। विवाद के कारण वह मायके में रहती है। चौकी इंचार्ज गुलाब चंद्र मौर्या ने बताया अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।








