दिल्ली कैंट इलाके में एक 9 साल की बच्ची के साथ कथित रूप से रेप और फिर उसकी हत्या के मामले में अब नेताओं की दखलअंदाजी शुरू हो गई है। दरअसल, बुधवार को कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और बीजेपी के नेता पीड़ित परिवार से मिलने के लिए पहुंचे हैं। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी पीड़ित परिवार से जाकर मुलाकात की
बच्ची के माता-पिता से मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनके दुख की भरपाई नहीं की जा सकती, लेकिन फिर भी दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए की मदद की घोषणा करती है। अरविंद केजरीवाल ने इसके अलावा पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश देने की भी बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में बेहतर से बेहतर वकीलों को नियुक्त कियाा जाएगा, ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली में क़ानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कड़े कदम उठाए।
अरविंद केजरीवाल से पहले कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी भी बच्ची के परिवार से मिलने के लिए पहुंचे थे। परिवार से मिलने के बाद राहुल गांधी ने कहा था कि बच्ची का परिवार कोई आर्थिक मदद नहीं मांग रहा है, बस सरकार से न्याय की उम्मीद लगाकर बैठा है। राहुल गांधी ने बताया कि पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके साथ इंसाफ नहीं हुआ है, हमें बस इंसाफ चाहिए, मैंने भी उनसे कह दिया है कि जब तक आपको इंसाफ नहीं मिलेगा हमे भी चैन नहीं आएगा। राहुल गांधी ने कहा कि उस परिवार की मदद होनी चाहिए।
आपको बता दें कि पीड़ित परिवार से मिलने के लिए दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता भी पहुंचे। परिवार से मिलने के बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि परिवार इस वक्त बहुत गहरे दुख से गुजर रहा है और ऐसे में आम आदमी पार्टी के नेता वहां जाकर माहौल खराब कर रहे हैं। वहीं आप विधायक राखी बिडलान ने बीजेपी पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। वहीं बीजेपी ने कांग्रेस से सवाल किया है कि राहुल गांधी कांग्रेस शासित प्रदेशों में होने वाले रेप की घटनाओं को लेकर उनके परिवार से क्यों नहीं मिलते?
आपको बता दें कि दिल्ली कैंट इलाके में 9 साल की बच्ची की रहस्यमय मौत का मामला काफी गर्मा गया है। दरअसल, परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ रेप हुआ और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं दोषियों ने उनकी बच्ची के शव का दाह संस्कार भी कर दिया। – वहीं दूसरी तरफ इस मामले का दूसरा पहलू ये सामने आया है कि घटना वाले दिन बच्ची पास ही के श्मशान घाट में लगे ठंडे वॉटर कूलर से पानी भरने के लिए गई थी, वहां उसे करंट लग गया, जिसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई और वहीं श्मशान में ही उस बच्ची का दाह संस्कर कर दिया गया। हालांकि असलियत को सामने लाना दिल्ली पुलिस के लिए वाकई काफी चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि बच्ची का शव अब नहीं, जिससे कि पोस्टमॉर्टम के जरिए कुछ सुराग मिल पाता। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एक पुजारी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।









