प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में परीक्षा पे चर्चा के तहत छात्रों, अभिभावकों व शिक्षकों से बात कर रहे हैं । उन्होंने छात्रों द्वारा पूछे गए सवालों का बड़े ही सहज शब्दों में जवाब दिया। साथ ही पढ़ाई के अलावा खेल-कूद के लिए भी प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में लाखों की संख्या में छात्र, शिक्षक और अभिभावक आनलाइन माध्यम से जुड़ें हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का यह पांचवां ‘परीक्षा पे चर्चा 2022’ कार्यक्रम है। कोरोना महामारी के कारण दो साल बाद आफलाइन परीक्षा देने जा रहे 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी काफी तनाव में हैं और प्रधानमंत्री द्वारा आज दिए जाने वाले टिप्स से उन्हें तनाव कम करने में काफी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान देश भर से करीब 20 छात्रों द्वारा प्रधानमंत्री से सवाल पूछे जाएंगे।
– परीक्षा से डर व इसकी तैयारियों को लेकर छात्रों ने प्रधानमंत्री से सवाल किया। इसके जवाब में प्रधानमंत्री ने शिक्षकों व अभिभावकों को संबोधित किया।
– प्रधानमंत्री ने पढ़ाई के साथ खेल-कूद पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘खेल-कूद नई शिक्षा नीति का हिस्सा है। बिना खेले कोई खुल नहीं सकता। शिक्षा के साथ हुनर का महतव भी बढ़ गया है। सदी के मुताबिक हमें बदलना होगा नहीं तो पिछड़ जाएंगे।’
– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘हम डिजिटल गैजेट के माध्यम से बड़ी आसानी और व्यापक रूप से चीजों को हासिल कर सकते हैं। इसे समस्या नहीं एक मौका मानना चाहिए।’
– छात्रों ने प्रधानमंत्री से कोरोना महामारी के दौरान आनलाइन पढ़ाई को लेकर सवाल पूछा कि अब आफलाइन मोड में आने के बाद परेशानियां हो रहीं हैं इससे कैसे निबटें। इस पर प्रधानमंत्री ने अपने जवाब में कहा कि माध्यम कोई समस्या नहीं है जो आनलाइन होता है वही आफलाइन भी होता है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कई बार माध्यम नहीं मन समस्या बनता है। समय के साथ माध्यम बदलते रहते हैं।’ प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आनलाइन मोड में जो पाया है उसे आफलाइन मोड में साकार करना है।
– प्रधानमंत्री मोदी से तीन बच्चों ने परीक्षा के लिए तनाव को दूर करने से जुड़े सवाल पूछे।
– छात्रों, अभिभावकों व शिक्षकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू की सीधी बात
– तालकटोरा स्टेडियम में छात्रों ने अपनी बनाई गई पेंटिंग्स की प्रदर्शनी लगाई है जिसे प्रधानमंत्री मोदी देख रहे हैं। साथ ही इन छात्रों से पेंटिंग के बारे में बातचीत भी कर रहे हैं।
– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा पे चर्चा के पाचवें संस्करण में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से बात करने तालकटोरा स्टेडियम पहुंचे जहां उनका स्वागत केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया।









