प्रयागराज के यमुनापार अमिलियापाल गाढ़ा गांव में शुक्रवार की सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्का जाम कर दिया। मौके पर सीओ मेजा अमिता सिंह, एसडीएम कोरांव व एसओ कोरांव आदि घटनास्थल पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, गाढ़ा गांव के चिंतामणि (45) के घर के सामने लगे पोल में शुक्रवार सुबह करंट दौड़ने लगा। इस दौरान परिवार का ही बालक दिव्यांशु (7) खेलते हुए पोल से छू गया और ही छटपटाने लगा। उसे बचाने के लिए चिंतामणि और अशोक कुमार (35) दौड़े लेकिन दिव्यांशु समेत चिंतामणि और अशोक की भी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति सन्त लाल पुत्र रामदुलार गंभीर रुप से झुलस गए।
मेजा की क्षेत्राधिकारी अमिता सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह सात बजे के आस पास दीपांशु (सात) बिजली के खंभे के पास खेल रहा था और खेलने के दौरान उसने बिजली के खंभे को पकड़ लिया जिसमें करंट था। उन्होंने बताया कि बच्चे को बचाने के क्रम में वहां पर मौजूद दो अन्य व्यक्ति भी करंट की चपेट में आ गए जिससे बच्चे समेत तीनों की मृत्यु हो गई। मृतकों में दीपांशु (सात) , चिंतामणि (35) और अशोक कुमार (27) शामिल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।









