खौफनाक वारदात का वीडियो कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर शेयर किया है। वीडियो शेयर करने के साथ ही प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने लिखा, ”बहुत हुआ नारी पर वार, अबकी बार…” भाजपा सरकार के लिए केवल जुमला था, क्योंकि इस जंगलराज में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध चरम पर हैं।
प्रियंका गांधी ने बुधवार 23 जून को मथुरा जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर शेयर किया है। वीडियो शेयर करने के साथ ही लिखा है कि, ‘यूपी सरकार के विज्ञापन आपने देखे होंगे। उसमें झूठे आंकड़े बनाकर महिला सुरक्षा पर लगातार झूठ बोला जाता है। लेकिन प्रदेश में घट रही घटनाएं देखकर आम जनमानस की रूह कांप जाएगी। खबरों के अनुसार मथुरा में गुंडे एक लड़की को एक साल से परेशान कर रहे थे। कल गुंडों ने उसके घर में घुसकर उसको छत से फेंक दिया और फरार हो गए। “बहुत हुआ नारी पर वार, अबकी बार…” भाजपा सरकार के लिए केवल जुमला था, क्योंकि इस जंगलराज में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध चरम पर हैं।’
इतना ही नहीं, ट्वीट करते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा, ‘उप्र में महिलाओं के खिलाफ ऐसे अपराध हो रहे हैं कि रूह कांप जाए, लेकिन सरकार सो रही है। मथुरा में एक साल से लड़की को परेशान कर रहे गुंडों ने घर में घुसकर उसे छत से फेंक दिया। हमीरपुर में छेड़खानी से परेशान युवती ने आत्महत्या कर ली। जंगलराज में महिलाओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है।’
प्रियंका गांधी ने जो वीडियो फेसबुक पर शेयर किया है वो वीडियो मथुरा जिले का है। यहां 3 युवकों ने 17 साल की नाबालिग के घर में घुसकर उसे दो मंजिला घर की छत से नीचे फेंक दिया। पीड़िता गंभीर रूप से घायल है और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। खबरों के मुताबिक, तीनों आरोपी पिछले एक साल से पीड़िता को परेशान कर रहे थे। बता दें कि घटना का सीसीटीवी फुटेज काफी भयानक है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।













