बहराइच : नमाज के दौरान ढही मस्जिद की छत, दो की मौत, सात घायल, तीन गंभीर

Facebook
X
WhatsApp

बहराइच में तहसील नानपारा अंतर्गत ग्राम जूड़ा में शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करते समय मस्जिद की छत व दीवार ढहने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गये। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मलबे से बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा में भर्ती कराया गया। जहां से तीन लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

ग्राम जूड़ा में पुरानी मस्जिद के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। मस्जिद छत व दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। शुक्रवार होने के कारण आज मरम्मत का कार्य बंद था। दोपहर में जुमे की नमाज अदा करने के लिए लगभग एक दर्जन लोग मस्जिद में एकत्रित हुए। नमाज अदा करने के दौरान ही मस्जिद की छत, दीवार व शटरिंग भरभरा कर गिर गई। जिससे नमाज अदा कर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। मस्जिद की छत व दीवार गिरने से मुलीम खां पुत्र बेचू खां निवासी खैरीपुरवा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आठ लोग मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से नानपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान इसराइल पुत्र समीउल्लाह, इरशाद अली पुत्र सिताब, मुस्लिम पुत्र मुक्तियार, अनवर अली पुत्र किन्ना, नफीस पुत्र जुबीउल्ला, नासिर पुत्र यासीन, गोबर पुत्र शकूर तथा करामत अली पुत्र शरीफ निवासी खैरीपुरवा के रूप में हुई। घायलों में इजरायल, इरशाद, मुस्लिम तथा नफीस हालत गंभीर देखते हुए इन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान घायल इरशाद अली की भी मौत हो गई। सीएचसी नानपारा में इलाज के दौरान देर शाम घायल अनवर अली की तबियत बिगड़ने पर उसे भी बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

गंभीर है घायलों की स्थिति
गंभीर स्थिति वाले घायलों को इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहां इलाज के दौरान घायल युवक इरशाद अली की मौत होने की सूचना मिली है। सीएचसी पर भर्ती घायल अनवर अली की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे भी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। शेष घायलों का इलाज सीएचसी पर किया जा रहा है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें