बाराबंकी : रामसनेहीघाट पुलिस व सर्विलांस और स्वाट टीम ने अंतर्राज्यीय वाहन चोरों के गिरोह को पकड़कर पांच आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इनके कब्जे से चार पहिया नौ वाहन बरामद हुए हैं। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी आजमगढ़, अमेठी व जौनपुर जिले के निवासी है। इस सफलता पर एसपी ने पुलिस टीम को पंद्रह हजार रुपये का इनाम दिया है। आरोपी वाहनों को चोरी करने के बाद उनका रंग व नंबर प्लेट बदल देते थे।
एसपी यमुना प्रसाद ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि एएसपी मनोज पांडेय व सीओ रामसनेहीघाट पंकज सिंह की देखरेख में सर्विलांस/स्वाट टीम व रामसनेहीघाट पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पांच शातिर वाहन चोर पकड़े गए हैं।
इन आरोपियों में इन्द्रेश निवासी भीखपुर थाना फूलपुर जिला आजमगढ़, उमेश यादव निवासी भीखपुर थाना फूलपुर आजमगढ़, खादिम निवासी पूरे करम कोटवा थाना शिवरतनगंज अमेठी, रमेश उर्फ बंटी निवासी भाटन का पुरवा थाना कमरौली अमेठी व सत्तार निवासी चूड़ी मोहल्ला थाना शाहगंज जौनपुर को कोटवासड़क से मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास व निशानदेही से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई छह बोलेरो, एक पिकअप व दो स्कॉर्पियो बरामद हुई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है जिसका सरगना खादिम है। यह सभी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, बस्ती, अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर, आंबेडकरनगर, रायबरेली, अमेठी, गोण्डा, बहराइच आदि जिलों में चार पहिया वाहनों की चोरी करते हैं।
इनके द्वारा पहले अपने चार पहिया वाहन में बैठकर हाईवे के किनारे खड़ी गाड़ियों की रेकी की जाती है और गाड़ियों को चिन्हित कर उसका लॉक पेचकस आदि से तोड़ कर गाड़ियां चोरी कर लेते हैं। चोरी की गयी चार पहिया गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नम्बर, इंजन नम्बर, चेसिस नम्बर को हटा देते हैं और गाड़ियों के रंग बदल देते हैं।
इनके दो फरार साथी गोरखनाथ यादव व हरिनाथ यादव निवासी ग्राम कलाफतपुर थाना सिधारी जिला आजमगढ़ द्वारा गाड़ियों के फर्जी प्रपत्र तैयार कर ग्राहकों को खोजकर काफी कम दामों पर बेच देते हैं। इस तरह से इनके द्वारा कई घटनाएं गुजरात, महाराष्ट्र आदि अन्य राज्यों में भी की गई हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी खादिम व इन्द्रेश के विरुद्ध आधा दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न जिलों में पहले से दर्ज हैं।
रिपोर्ट – सुधीर शर्मा









