बाराबंकी : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त सोमवार को किसानों के खाते में पहुंची तो वह खुशी से झूम उठे। खरीफ के सीजन में खाद-पाश की जरूरत के समय मिली रकम किसानों के लिए काफी मुफीद साबित होगी। हालांकि मंगलवार से सम्मान निधि की राशि निकालने की बैंकों में भारी भीड़ नजर आएगी। वहीं अब तक मिली सम्मान निधि में इस बार सबसे अधिक किसानों को सम्मान निधि का लाभ मिलने की उम्मीद है। लेकिन अभी तक विभाग के पास इसका वास्तविक आंकड़ा नही मिला है।
जिले में पांच लाख 45 हजार 499 किसान हैं। इसमें से चार लाख 91 हजार 662 किसानों को सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। मगर, अपात्रों को सम्मान निधि मिलने की शिकायतें केंद्र सरकार तक पहुंची। ऐसे में केंद्र सरकार ने किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे लाभार्थियों की रेंडम सूची जिले वार भेजकर कृषि विभाग के कर्मचारियों से जांच कराई।
जिसमें सम्मान निधि का लाभ ले रहे भूमिहीन, दम्पती व नौकरीपेशा चार हजार अपात्र मिले। ऐसे में विभाग ने सम्मान निधि की पात्रता सूची से अपात्रों के नाम हटाने के बाद चार लाख 94 हजार पात्र किसानों की सूची नौवीं किस्त के लिए केंद्र सरकार को भेजी थी।
सोमवार को दोपहर से ही किसानों के खाते में सम्मान निधि की राशि पहुंचने लगी।
इसको लेकर किसान काफी खुश दिखे। विभागीय आंकड़ों की माने तो पहली किस्त के रूप में 491662, दूसरी किस्त 489473, तीसरी किस्त में 478606, चौथी किस्त में 452830, पांचवीं किस्त में 402887, छठवीं किस्त में 367242, सातवीं किस्त 318841, आठवीं किस्त 224518 और सोमवार को सबसे अधिक चार लाख 94 हजार किसानों के खाते में सम्मान निधि पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।









