जैदपुर : बेटी को दूर स्कूल में पढ़ने की जिद थी, तो पिता को जमाने का डर सता रहा था। इसी नाराजगी में कई दिन से बेटी और पिता के बीच में मनमुटाव चल रहा था। बुधवार को छात्रा का शव घर के कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला तो परिजनों के होश उड़ गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।
जैदपुर थाना क्षेत्र के कोपवा मजरे जयचंद्रपुर के फूलचंद्र की चार बेटियां और एक बेटा है। दूसरे नंबर की बेटी प्रियांशी (18) ने इस बार हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। आगे की पढ़ाई के लिए घर से काफी दूर करौंदिया कस्बे में प्रवेश लेना चाहती थी। लेकिन पिता और परिजन दूर पढ़ाई के लिए जाने से मना कर रहे थे। इसी बात से छात्रा कई दिनों से अपने परिजनों से नाराज चल रही थी।
बुधवार को जब सुबह घर के लोग सो कर उठे और काम करने लगे। तभी कमरे में युवती की मां ने देखा प्रियांशी का शव रस्सी से लटका हुआ है। यह देख वह शोर मचाकर रोने-चिल्लाने लगी। घर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा।
पिता ने फोन कर पुलिस ने घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि छात्रा ने खुदकुशी की है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।













