बाराबंकी : देश की लक्जरी प्रेसीडेंशियल ट्रेन बाराबंकी से होकर गुजरेगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द लखनऊ से अयोध्या तक प्रेसीडेंशियल ट्रेन से रवाना होंगे। लखनऊ से 135 किलोमीटर दूरी तय करने में करीब 65 किलोमीटर का रास्ता बाराबंकी से होकर निकलेगा। इसके लिए रेलवे ने तैयारी तेज कर दी है। रेल पटरी आदि की मरम्मतीकरण के साथ ही सुरक्षा के प्वाइंट भी चिन्हित करने के काम किए जा रहे हैं।
रेलवे के सूत्रों की माने तो आगामी 29 अगस्त को लखनऊ से प्रेसीडेंशियल ट्रेन से राष्ट्रपति अयोध्या की यात्रा करेंगे। उनकी ट्रेन लखनऊ से बाराबंकी होते हुए अयोध्या पहुंचेगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रेलवे ने अयोध्या रूट पर पटरियों की मरम्मत और रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों पर जीआरपी व आरपीएफ की सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं का खाका तैयार करने का काम शुरू कर दिया है।
बाराबंकी जीआरपी का कार्यक्षेत्र लखनऊ के मल्हौर स्टेशन से लेकर अयोध्या के रुदौली स्टेशन तक लगता है। ऐसे में यहां की जीआरपी व आरपीएफ के लिए राष्ट्रपति की यात्रा सही तरीके से निपटाना किसी चुनौती से कम नहीं है।
इन स्टेशनों से निकलेगी राष्ट्रपति की ट्रेन
मल्हौर, सफेदाबाद, बाराबंकी, रसौली, सफदरगंज, सैदखानपुर, दरियाबाद, पटरंगा, रुदौली यह सभी रेलवे स्टेशन बाराबंकी जिले में आते हैं जिससे होकर राष्ट्रपति की ट्रेन गुजरेगी। ऐसे में यहां पर सुरक्षा आदि के इंतजाम बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जीआरपी थाना प्रभारी शादाब हैदर ने बताया कि राष्ट्रपति की प्रेसीडेंशियल ट्रेन के आगमन को लेकर सभी व्यापक तैयारी शुरू की गई हैं।









